जयपुर

Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर वसुंधरा राजे ने जताया शोक, हो गईं भावुक

Ajit Pawar Death: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक जताया है।
2 min read
Jan 28, 2026
Vasundhara BJP
Photo- httpsx.comVasundharaBJP

Ajit Pawar Death: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विमान हादसे में एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक जताया है।

वसुंधरा राजे ने कहा कि विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन से महाराष्ट्र ने एक समर्पित नेतृत्व को खो दिया है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें सदैव स्मरणीय रखेगी।

इस अत्यंत दुखद समय में मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं तथा शोक संतप्त परिवार और उनके समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।

वसुंधरा राजे के बड़े भाई और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माधवराव सिंधिया का निधन भी 30 सितंबर 2001 को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के बाहरी इलाके में एक विमान दुर्घटना में हुआ था।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताया शोक

माधवराव सिंधिया के बेटे ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्तमान में मोदी सरकार में मंत्री हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अजित पवार ने निधन पर शोक जताया है।

उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और असहनीय है। इस शोक की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं सभी शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। मैं अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार का बुधवार सुबह विमान दुर्घटना में निधन हो गया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अधिकारियों ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है।

बारामती में लैंड के वक्त विमान हुआ क्रैश

जानकारी के अनुसार विमान सुबह करीब पौने नौ बजे बारामती हवाई पट्टी पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में पवार के साथ एक निजी सुरक्षा अधिकारी, एक सहायक और चालक दल के दो सदस्य सवार थे। विमान में सवार सभी लोगों की इस हादसे में मौत हो गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारणों और विमान को हुई क्षति की जांच की जा रही है।

अजित पवार बारामती में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए रैलियों सहित कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे।

इस दुर्घटना से पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई है और विभिन्न नेताओं तथा नागरिकों ने उप मुख्यमंत्री के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। 22 जुलाई 1959 को जन्मे अजित पवार महाराष्ट्र के एक प्रमुख राजनीतिक नेता थे।

Updated on:
28 Jan 2026 12:08 pm
Published on:
28 Jan 2026 12:00 pm