
जयपुर। परिवहन विभाग की नई ऑनलाइन प्रदूषण जांच योजना के तहत प्रमाण पत्र लेने की अंतिम तिथि के चलते शुक्रवार को शहरभर के पेट्रोल पंपों पर देर रात तक कतारें लगी रहीं। विभाग की पूर्व घोषणा के अनुसार शनिवार से प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं लेने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है, इसके चलते सुबह से ही शहर के पेट्रोल पम्पों पर लोग पहुंचने लगे, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों को सुविधा देने के लिए पम्पों पर इंतजाम नाकाफी नजर आए।
परिवहन विभाग ने 4 अक्टूबर को राजस्थान मोटरयान प्रदूषण जांच केन्द्र योजना- 2017 लॉन्च की थी, जिसमें एक माह में प्रदूषण प्रमाण पत्र लेने पर जुर्माने से छूट और इस अवधि के बाद जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान था।
हांफने लगा सॉफ्टवेयर
योजना के तहत परिवहन विभाग ने जिले के सभी 154 प्रदूषण जांच केन्द्रों को ऑनलाइन नेटवर्र्किंग से जोड़ दिया है। जांच और प्रमाण पत्र जारी करते वक्त वाहन का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। ऐसे में एक साथ अंतिम तिथि को उमड़ी भीड़ के चलते विभाग का सॉफ्टवेयर भी रुक-रुक कर चला। तकनीकी खराबी के चलते लोगों को लम्बे समय तक कतारों में इंतजार करना पड़ा। लोगों ने अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग भी की।
समय बढ़ाने पर सोमवार को फैसला
पेट्रोल पम्पों पर बढ़े दबाव के चलते विभाग ने देर रात अंतिम तिथि बढ़ाने का मन बना लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देर रात इस बारे में विभागीय अधिकारियों ने चर्चा कर समय सीमा को बढ़ाने के बारे में प्रस्ताव तैयार कर लिया। इस पर सोमवार को फैसला हो सकता है।