Weather Update : मौसम विभाग का नया अलर्ट है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि राजस्थान में आज 28 मार्च को कई इलाकों में झमाझम बारिश होगी और आंधी चलेगी। जानें 29 मार्च व 30 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
Weather Update : राजस्थान में मौसम के मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। राजस्थान में आगामी दिनों में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार आज 28 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। जिसके प्रभाव से प्रदेश में आज मेघगर्जन के साथ तेज आंधी-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं दोपहर बाद आंधी-बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के नए अपडेट के अनुसार 29-31 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव होने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी (40-50Kmph) व कहीं-कहीं हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार अप्रेल के प्रथम सप्ताह में भी बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। बीते 24 घंटे में जयपुर का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 33.9, कोटा का 37.2, बारां का 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
जयपुर में शुक्रवार को तेज धूप रही। सूर्यदेव की तपिश से बचने के लिए लोग जुगत करते नजर आए। दोपहर बाद अचानक तेज हवाओं का दौर जारी रहा। दिन का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को दोपहर बाद आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है।
आज शनिवार को जयपुर का मौसम बेहद सुहावना था। सुबह 8.30 बजे तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जयपुर का आज का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई।