जयपुर

क्या रद्द नहीं होगी SI भर्ती परीक्षा? ट्रेनी थानेदारों ने किरोड़ी लाल मीणा से की मुलाकात, उठाई ये मांग

SI Paper Leak Case: SI पेपर लीक प्रकरण में ट्रेनिंग ले रहे थानेदारों ने परिजनों के साथ डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात की है। मुलाकात करके उन्होंने अपना पक्ष रखा है।
2 min read
• •
Updated: 11 Oct 2024, 3:06 PM IST
Feature image

SI Paper Leak Case: राजस्थान के चर्चित SI पेपर लीक प्रकरण में अब दो खेमे आमने-सामने हैं। राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में ट्रेनिंग ले रहे थानेदारों ने परिजनों के साथ डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात की है। मुलाकात करके उन्होंने अपना पक्ष रखा है। साथ ही भर्ती को रद्द नहीं करने की मांग की है। बता दें यह पहला मौका है जब ट्रेनी एसआई खुलकर सामने आए हैं।

'भर्ती रद्द हुई तो हमारे साथ अन्याय होगा'

दरअसल, ट्रेनी थानेदारों ने और उनके परिजनों ने डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात कर मांग की है कि हमारा पॉलीग्राफ टेस्ट ले लो, जो भी जांच करवानी करवा लो, लेकिन भर्ती को रद्द नहीं करो। प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों ने किरोड़ी लाल से कहा कि दोषियों को सजा दो लेकिन बाकियों के साथ न्याय करो। परिजनों ने किरोड़ी लाल मीणा को अपनी पीड़ा सुनाते हुए कहा कि अगर भर्ती रद्द हो गई तो हमारे साथ अन्याय हो जाएगा।

किरोड़ी ने उठाई थी रद्द करने की मांग

बता दें, इससे पहले डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भी इस भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में उठाया था। इससे पहले किरोड़ी लाल मीणा SOG के वीके सिंह से भी मुलाकात करके परीक्षा को रद्द करने की मांग कर चुके हैं। वहीं पुलिस विभाग भी इस भर्ती परीक्षा को रद्द करने का प्रस्ताव राजस्थान सरकार को भेज चुका है।

जोगाराम पटेल ने कहा- CM लेंगे फैसला

इधर, बीते गुरूवार को मंत्रियों की कमेटी की बैठक के बाद संयोजक जोगाराम पटेल ने कहा था कि सबने अपनी-अपनी राय दी है। अब हम सब जल्दी ही अपनी एकमुश्त राय सरकार को भेज देंगे, आगे का फैसला सरकार लेगी। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि इस भर्ती परीक्षा में कितने फीसदी गड़बड़ी हुई है तो उन्होंने जवाब दिया कि ये निर्णय हमारे लिए संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने बताया कि बहुत गड़बडियां हुई हैं, हमने मीटिंग में सभी बातों का संकलन किया है।

कैबिनेट बैठक में फैसला संभव

गौरतलब है कि भजनलाल सरकार की 13 अक्टूबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में एसआई भर्ती को निरस्त करने पर अंतिम फैसला हो सकता है। कल ही इस भर्ती को लेकर बनी छह मंत्रियों की सब कमेटी ने निरस्त करने को लेकर सभी पक्षों से राय ली है। संभावना यह भी है कि कैबिनेट बैठक में एसआई भर्ती को रद्द करने का फैसला लिया जा सकता है।

Updated on:
11 Oct 2024, 3:06 PM IST
Published on: