जयपुर

जयपुर में महिला मित्र ने ही रची खतरनाक साजिश, दोस्त का सरेराह कराया अपहरण, 5 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में प्रतापनगर थाना पुलिस ने अपहरण और फिरौती मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। महिला दोस्त ने विवाद के चलते साजिश रची। पीड़ित को अगवा कर कोटा ले जाकर मारपीट की और यूपीआई से 1.20 लाख रुपए वसूले।
1 minute read
Apr 06, 2026
Woman friend masterminds kidnapping of man in Jaipur 5 accused arrested
महिला दोस्त ने रची साजिश, अपहरण कर मांगी फिरौती (फोटो-एआई)

Jaipur kidnapping Case: जयपुर: प्रतापनगर थाना पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में एक आरोपी को बापर्दा गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही तीन आरोपी और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।

बता दें कि आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल कार और एसयूवी भी बरामद की गई है। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तारेश सोलंकी मुहाना निवासी है। मामले में रोहन, अंजू, विवेक और देवेंद्र सिंह को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।

आपस में था विवाद

जांच में सामने आया कि पीड़ित धीर सिंह और मुख्य आरोपी अंजू उर्फ अन्नू मीणा दोस्त थे और इनमें आपसी विवाद था। इसके चलते महिला ने साथियों के साथ मिलकर धीर सिंह के अपहरण की साजिश रची।

मारपीट की, परिचितों से रुपए खाते में डलवाए

पांच फरवरी को बन्ने सिंह मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके मामा करौली निवासी धीर सिंह मीणा को जानकी देवी स्कूल के पास बाइक को टक्कर मारकर अगवा कर लिया गया। आरोपियों ने खुद को साइबर पुलिस बताकर पीड़ित के मोबाइल से परिजन से संपर्क किया और 70 हजार रुपए मंगवाए, इसके बाद 50 हजार रुपए और मांगे।

ये हुआ खुलासा

पूछताछ में खुलासा हुआ कि अंजू मीणा ने साथियों के साथ मिलकर अपहरण और मारपीट की साजिश रची थी। इसके बाद दो गाड़ियों में आए पांच-छह युवक पीड़ित को गाड़ी में डालकर कोटा की ओर ले गए। वहां मारपीट कर परिचितों के जरिए रुपए अपने खाते में डलवाए और यूपीआई से अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर करीब 1.20 लाख रुपए निकाल लिए।

इनकार करने पर की मारपीट

जब पीड़ित ने और पैसे डलवाने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे बीलवा पुलिया के नीचे छोड़कर फरार हो गए।

Updated on:
06 Apr 2026 08:21 am
Published on:
06 Apr 2026 08:21 am