
Jaisalmer Mohangarh Canal Accident: जैसलमेर के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में बुधवार शाम को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एसबीएस नहर में डूबने से बाड़मेर के एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान दीपक प्रजापत (पुत्र पूराराम) के रूप में हुई है, जो बाड़मेर जिले के नागाणा थाना क्षेत्र के खींपर गांव का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार, दीपक मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में पूर्व प्रधान मूलाराम चौधरी के नहर मरम्मत के ठेके पर मजदूरी करने आया हुआ था। बुधवार शाम करीब 5:40 बजे वह एसबीएस नहर की 37 आरडी हेड के पास पटरे पर प्लास्टर का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर सीधे नहर के गहरे पानी में जा गिरा।
दीपक को डूबता देख आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने रात को ही नहर के तेज बहाव और गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
काफी मशक्कत और कड़ी खोजबीन के बाद, गुरुवार सुबह करीब 9:00 बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर (47 आरडी पर) युवक का शव बरामद हुआ।
महज 25 साल के दीपक की इस अचानक मौत की खबर जैसे ही उसके गांव खींपर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।