जैसलमेर में यह हुए अपराधिक मामले
अवैध काश्त के आरोपित को जेल भेजा
रामगढ़. जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नहरी भूमि पर अवैध काश्त करने वालों के खिलाफ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध काश्त करने के आरोप में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया गया है। थानाधिकारी रामगढ़ प्रमोद कुमार पांडेय के निर्देशन में एएसआई रामनारायण चौधरी ने नहरी क्षेत्र में अवैध काश्त करने के आरोपित भजनलाल पुत्र जेठाराम नायक निवासी 11 पीएस रायसिंह नगर जिला गंगानगर हाल निवास 2 जीडीएम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
धार्मिक भावनाएं आहत करने पर दो गिरफ्तार
पोकरण. पुलिस ने एक वर्ग विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी माणकराम विश्रोई ने बताया कि गत 15 फरवरी की रात्रि में जैसलमेर रोड पर हिन्दू जागरण मंच व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विद्युत खंभों पर भगवा पताकाएं लगा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने यहां पताकाएं लगाने पर विरोध किया तथा खंभे पर लगी पताकाएं उतार दी। जिस पर 16 फरवरी को कुछ युवकों के विरुद्ध धार्मिक भावनाएं आहत करने पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने गुरुवार की रात्रि में मामले के आरोपित स्थानीय निवासी एहसान खां व ओढ़ाणिया निवासी सईद खां को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। जहां उन्हें जमानत पर रिहा किया गया।
रिश्वत के आरोपित को भेजा जेल
पोकरण क्षेत्र के रामदेवरा गांव में गुरुवार की शाम रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुए डिस्कॉम के मीटर रीडर को शुक्रवार को एसीबी न्यायालय जोधपुर में पेश किया गया। एसीबी जैसलमेर के उपाधीक्षक अरुण पुरोहित ने बताया कि गुरुवार को रामदेवरा गांव में डिस्कॉम के मीटर रीडर आसकरण जोशी को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। उसे शुक्रवार को जोधपुर एसीबी न्यायालय में पेश किया। जहां उसे न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए गए।
शांतिभंग करने पर दो गिरफ्तार
पोकरण. पुलिस ने शुक्रवार को भणियाणा गांव में झगड़ा कर शांतिभंग करने के आरोप में दो जनों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को दोपहर दो बजे सूचना मिली कि भणियाणा में पानी की टंकी के पास दो जने आपस में झगड़ा कर रहे है। जिस पर भणियाणा चौकी प्रभारी किशनाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। यहां झगड़ा कर रहे युवकों से समझाइश की, लेकिन वे एक दूसरे से लड़ाई झगड़े के लिए उतारू हो रहे थे। जिस पर उन्होंने झगड़ा कर रहे डूंगरसर निवासी रामूराम पुत्र चूनाराम व भणियाणा निवासी ओमप्रकाश पुत्र सिद्धाराम को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। जिन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
शराब पीकर बाइक चलाने पर एक गिरफ्तार
पोकरण यातायात पुलिस ने शुक्रवार को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोटरसाइकिल जब्त की। पुलिस यातायात प्रभारी खेतसिंह सांखला ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार उनकी ओर से कांस्टेबल जगमालसिंह तंवर के साथ शुक्रवार को जोधपुर रोड पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक अपनी मोटरसाइकिल पर लवां से पोकरण की तरफ आ रहा था। उसे रुकवाकर पूछताछ की, तो वह शराब के नशे में था। जिस पर पुलिस ने ब्रिथ इन लाइट यंत्र से जांच की, तो उसमें उसके 204 एमएल शराब पीए होने की पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने डिडाणिया निवासी किशोर पुत्र बंशीलाल माली को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त की।
दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार
मोहनगढ़ . मोहनगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मोहनगढ़ पुलिस थानाधिकारी महेन्द्रसिंह खीची के अनुसार मोहनगढ़ निवासी हुकमाराम व नत्थाराम के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसके चलते त्वरित कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया।