जैसलमेर

केलावा गोवंश हत्या मामला: BJP नेता रह चुका है आरोपी, MLA से घनिष्ठ संबंध, गिरफ्तारी के बाद पार्टी में खलबली

पोकरण में केलावा गांव के पास गोवंश हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी बासित खां भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुका है। पुलिस ने उसे आपराधिक षड्यंत्र में गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक छह आरोपी पकड़े गए हैं, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
2 min read
Jan 14, 2026
Jaisalmer Pokhran Kelawa Cow Slaughter Case
बासित खां (फोटो- पत्रिका)

जैसलमेर: पोकरण में केलावा गांव के पास सात जनवरी की रात गोवंश की हत्या के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी बासित खां भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष रह चुका है। पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी से उसकी नजदीकियां भी सामने आई हैं।

इस मामले में पुलिस ने अब तक बासित खां सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी याकूब उर्फ आला अभी फरार है। मामले के जांच अधिकारी बगडुराम ने बताया कि पोकरण कस्बे के वार्ड संख्या एक निवासी बासित खां पुत्र अब्दुल गफार को आपराधिक षड्यंत्र में शामिल होने के चलते गिरफ्तार किया गया है।

बासित खां को पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी का करीबी माना जाता है। विवाह सहित अनेक सामाजिक आयोजनों और विधायक के सार्वजनिक कार्यक्रमों में उसकी उपस्थिति लगातार देखी गई। वह कई बार महंत के तारातरा स्थित मठ भी जा चुका है।

पहले कांग्रेस, फिर भाजपा में

बासित खां और उसका परिवार पूर्व में कांग्रेस में था। साल 2018 चुनाव तक कांग्रेस में रहने के बाद भाजपा में शामिल हो गया। साल 2021 में नगरपालिका चुनाव में बासित खां के बड़े भाई की पत्नी निर्दलीय पार्षद चुनी गई। पालिकाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा को समर्थन दिया।

पार्टी नियमानुसार कार्रवाई करेगी

वहीं, इस मामले में विधायक महंत प्रतापपुरी ने दो दिन पूर्व पत्रकारवार्ता में कहा था कि भाजपा में रहकर ऐसा घिनौना कृत्य किया तो वह न तो भाजपा के हित का है, न ही किसी और के हित का। जिस पार्टी में वे शोभा देते हैं, वहां रहे। ऐसे कृत्य की पार्टी और संत के दरबार में कहीं जगह नहीं है। पार्टी प्रक्रिया और नियमों के अनुसार कार्रवाई करेगी।

भाजपा से किया निष्कासित

बासित खां पूर्व में अल्पसंख्यक मोर्चा का पदाधिकारी था। प्रदेशाध्यक्ष बदलने के साथ कार्यकारिणी भंग हो गई। उसके प्राथमिक या सक्रिय सदस्य से संबंधित कोई फार्म नहीं मिला है। उसे भाजपा से निष्कासित कर दिया गया है।
-दलपत हींगड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा, जैसलमेर

होनी चाहिए गहनता से जांच

गोमाता की बात करने वाली भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता के गोवंश हत्या मामले में लिप्त होना शर्मनाक बात है। भाजपा को पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जांच करनी चाहिए।
-अमरदीन फकीर, जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी, जैसलमेर

Updated on:
14 Jan 2026 06:00 am
Published on:
14 Jan 2026 05:57 am