जैसलमेर

Rajasthan News : सो रहे पति पर पत्नी ने किया सरिए से हमला, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Jaisalmer Murder Case : जैसलमेर जिले के सांकड़ा क्षेत्र के लूणाखुर्द गांव में पत्नी ने सो रहे अपने पति की सरिये से वार कर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

2 min read
Apr 26, 2026
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Jaisalmer Murder Case : पोकरण (जैसलमेर)। सांकड़ा क्षेत्र के लूणाखुर्द गांव में पत्नी ने सो रहे अपने पति की सरिये से वार कर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पत्नी को दस्तयाब किया और पूछताछ की जा रही है। सांकड़ा थानाधिकारी राणसिंह सोढ़ा ने बताया कि रविवार को सुबह सूचना मिली कि लूणाखुर्द गांव निवासी हनुमानाराम (35) पुत्र सालूराम मेघवाल की शनिवार की रात हत्या हो गई है।

जिस पर थानाधिकारी सोढ़ा पुलिस बल के साथ लूणाखुर्द पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने इधर-उधर पूछताछ कर घटना की जानकारी ली तो सामने आया कि हनुमानराम और उसकी पत्नी के बीच कुछ समय से घरेलू विवाद के कारण आए दिन झगड़ा हो रहा था। वह कई बार पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। शनिवार की रात पत्नी अमका ने हनुमानराम के सोने के बाद लोहे के सरिये से वार कर उसकी हत्या कर दी।

ये भी पढ़ें

सिर में गोली मार कर ली महिला की जान, मृतका के चेहरे पर बारूद के निशान

भाई ने दर्ज करवाया मामला

घटना को लेकर मृतक हनुमानराम के भाई मेघाराम ने रिपोर्ट पेश की कि पड़ोस में उनके चचेरे भाई के यहां शादी का कार्यक्रम था। रात में खाना खाकर हनुमानराम अपने घर चला गया। रविवार को तड़के करीब 5 बजे हनुमानराम का बेटा पड़ोस में शादी वालों के घर बैठी अपनी दादी को बुलाने आया और उसने जानकारी दी कि उसकी मां अमका व पिता हनुमानराम के बीच झगड़ा हुआ और मां ने पिता के सिर पर लोहे के सरिये से वार किया।

तब मृतक की मां दौड़ती हुई घर आई तो यहां हनुमानराम मृत पड़ा था व अमका पास ही बैठी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पत्नी अमका को दस्तयाब किया।

एसपी ने किया मौका मुआयना, एफएसएल ने जुटाए सबूत

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया और घटना की विस्तार से जानकारी ली। इसी प्रकार एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलवाया गया। टीम ने घटनास्थल व आसपास क्षेत्र का मुआयना कर सबूत जुटाए।

पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घरेलू विवाद में पत्नी की ओर से पति की हत्या कर देने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत, परिवार पर टूटा दु:खों का पहाड़
Also Read
View All