25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Crime News: जैसलमेर में हैरान कर देने वाली घटना: जीरे के लिए पड़ोसी महिला की क्रूर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जीरे की चोरी के लालच में एक युवक ने पड़ोस की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी जांच के चलते वह पकड़ा गया। घटना जैसलमेर से करीब 100 किलोमीटर दूर बीरे की ढाणी की है।

2 min read
Google source verification

जीरे की चोरी के लालच में एक युवक ने पड़ोस की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी जांच के चलते वह पकड़ा गया। घटना जैसलमेर से करीब 100 किलोमीटर दूर बीरे की ढाणी की है। मृतका की पहचान हथु देवी (50) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी हेम सिंह (25) को गिरफ्तार कर लिया है।

खिड़की से सटाकर मारी गोली, मौके पर ही मौत

जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल की रात हथु देवी के पति अमराराम एक शादी समारोह में गए हुए थे और महिला घर पर अकेली थी। पड़ोसी हेम सिंह को इसकी जानकारी थी और उसकी नजर घर में रखे करीब 30 बोरी जीरे पर थी, जिसकी कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपए बताई जा रही है। हेम सिंह अवैध बंदूक लेकर चोरी की नीयत से घर पहुंचा, लेकिन हथु देवी के जाग जाने पर उसने पहचान छिपाने के लिए खिड़की से बेहद नजदीक से गोली चला दी। छर्रे महिला के सिर और गले में धंस गए, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 23 अप्रैल की सुबह जब अमराराम घर लौटे तो पत्नी का शव देखकर सन्न रह गए।

लूट का नाटक रचने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और जीरा चोरी नहीं कर सका। शक से बचने के लिए उसने घटना को लूट का रूप देने की साजिश रची। आरोपी ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को लेकर करीब 8 किलोमीटर दूर ले जाकर लावारिस छोड़ दिया।
इतना ही नहीं, अगले दिन वह खुद घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिसकर्मियों को चाय-पानी पिलाकर मदद का दिखावा करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। उसने अपने पैरों और ट्रैक्टर के निशान मिटाने की भी कोशिश की।

मोबाइल लोकेशन से खुला राज

मामले की जांच एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में की जा रही थी। पुलिस को शुरू से ही हेम सिंह का व्यवहार संदिग्ध लग रहा था। घर में गहने सुरक्षित मिलने से लूट की कहानी पर संदेह गहरा गया। जब मोबाइल टावर लोकेशन खंगाली गई तो घटना के समय आरोपी की मौजूदगी घटनास्थल के पास पाई गई। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपी टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

नशे और कर्ज ने बनाया हत्यारा

जांच में सामने आया कि आरोपी हेम सिंह शराब का आदी है और उस पर भारी कर्ज था। आर्थिक तंगी के चलते उसने जीरे की चोरी की योजना बनाई थी। पूर्व में भी जीरे के लेन-देन को लेकर उसका मृतका के पति अमराराम से विवाद हो चुका था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।