जैसलमेर

जैसलमेर में बारिश के दौरान बड़ा हादसा, टूटकर सड़क पर गिरी हाईटेंशन लाइन, 2 भाइयों की दर्दनाक मौत

Rajasthan News: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बारिश और आंधी का असर तेज हो गया है। जैसलमेर में करंट से दो भाइयों की मौत हो गई, वहीं कई जिलों में फसलों को नुकसान और ओलों का अलर्ट जारी किया गया है।
2 min read
Mar 19, 2026
jaislmer news
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो भाइयों की मौत। फोटो: पत्रिका

Rajasthan News: राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश और तेज आंधी का दौर जारी है। इस बदले मौसम ने जहां लोगों को ठंडक दी है, वहीं कई जगहों पर यह मुसीबत भी बन गया है। जैसलमेर में एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। वहीं, किसानों की फसलें भी खराब हो गई हैं।

आंधी-बारिश से हादसा, दो युवकों की मौत

जैसलमेर जिले के सागड़ थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान 11 केवी हाईटेंशन लाइन टूटकर सड़क पर गिर गई। बुधवार रात करीब 9 बजे विक्रम सिंह (25) और राजू सिंह (20) बाइक से खेत जा रहे थे। अंधेरे में उन्हें सड़क पर गिरा तार दिखाई नहीं दिया और वे करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया

गुरुवार सुबह राहगीरों को घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। ग्रामिणों का कहना है कि पहले भी हम बिजली विभाग में इस लाइन को लेकर शिकायत कर चुके है।

किसानों पर दोहरी मार, फसलें खराब

बारिश और तेज हवाओं का असर खेतों में भी दिखा है। खासकर जैसलमेर और बाड़मेर में जीरा और ईसबगोल की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कृषि विभाग अब नुकसान का आकलन कर रहा है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश के चलते प्रदेश में दिन के तापमान में करीब 9 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। इससे मौसम ठंडा हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि यह बदलाव अस्थायी माना जा रहा है।

आगे भी खतरा, ओलों का अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम 20 मार्च तक एक्टीव रहेगा। कई जिलों में तेज बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। जयपुर सहित लगभग पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Updated on:
19 Mar 2026 01:49 pm
Published on:
19 Mar 2026 01:43 pm