
Jalore Amrit Dewasi Murder Case: जालोर जिले के चर्चित अमृत देवासी हत्याकांड को करीब तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मामले का खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग को लेकर मृतक की मां और 80 वर्षीय नानी पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी हैं। सोमवार को परिजनों ने जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
परिजनों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की। साथ ही देवासी समाज सहित सर्व समाज के लोगों से न्याय की इस लड़ाई में सहयोग करने की अपील की। परिजनों का कहना है कि घटना के करीब तीन साल बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
मृतक के परिजनों के अनुसार, एक सप्ताह से धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल जारी रहने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। परिवार का आरोप है कि इतने दिनों के आंदोलन के बाद भी कोई जनप्रतिनिधि या जिम्मेदार अधिकारी धरनास्थल पर नहीं पहुंचा। इससे परिजनों में निराशा है। मृतक की मां ने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप करने की अपील की है।
परिजनों ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग लगातार उठाई जा रही है। परिवार का कहना है कि उन्हें फोन पर गिरफ्तारी का भरोसा मिला है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिजन चाहते हैं कि पुलिस मामले की जांच में तेजी लाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
मामला 27 जून 2023 का है। जालोर जिले के भैंसवाड़ा गांव निवासी अमृत देवासी अपने रिश्तेदार की बारात में शामिल होने खारा गांव गया था। बारात के दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गया। अगले दिन खारा गांव के एक तालाब में उसका शव उतराता हुआ मिला। इसके बाद परिजनों ने अमृत की हत्या किए जाने की आशंका जताई और पुलिस से मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। करीब तीन साल बाद भी कार्रवाई का इंतजार कर रहा परिवार अब भूख हड़ताल के जरिए न्याय की मांग उठा रहा है।