जालोर

जालोर में खौफनाक वारदात: अवैध कब्जे की शिकायत की तो बीच सड़क पर युवक के तोड़े हाथ-पैर, SUV चढ़ाने की कोशिश

अवैध कब्जे की शिकायत करने पर करीब दस से अधिक बदमाशों ने युवक पर हमला कर दिया। घटना में लाठियों-सरियों से युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाश जाते समय युवक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
2 min read
May 23, 2026
Jalore Bhinmal Youth Brutally Beaten
युवक से मारपीट कर गाड़ी चढ़ाई (पत्रिका फोटो)

भीनमाल (जालोर): जालोर जिले के भीनमाल शहर में अवैध कब्जे की शिकायत करने से नाराज बदमाशों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम को करीब एक दर्जन बदमाशों ने बीच सड़क पर एक युवक की लाठियों और सरियों से बेरहमी से पिटाई की और उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से शांत माने जाने वाले भीनमाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, महावीर नगर-भीनमाल शहर के बालसमंद बांध के पास स्थित जमीन पर अवैध अतिक्रमण को लेकर गीगाराम देवासी नामक युवक ने प्रशासन को शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी शिकायत से नाराज होकर कुछ लोग उससे रंजिश रखने लगे थे।

शुक्रवार शाम को जब गीगाराम शहर के हाईस्कूल और माहेश्वर महादेव मंदिर के पास से गुजर रहा था। तभी कार और एसयूवी गाड़ियों में सवार होकर आए करीब 10 से अधिक बदमाशों ने उसे घेर लिया।

लाठी-सरियों से पीटा, गाड़ी से कुचलने की कोशिश

बदमाशों ने गाड़ियों से उतरते ही गीगाराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उन्होंने पीड़ित पर लाठियों और लोहे के सरियों से लगातार वार किए। हमलावरों ने गीगाराम को अपनी एसयूवी गाड़ी से कुचलकर जान से मारने की भी कोशिश की।

खुद को बचाने के लिए पीड़ित पास ही स्थित एक दुकान के ऊंचे चबूतरे पर चढ़ गया, जिससे उसकी जान तो बच गई, लेकिन इस बेरहम मारपीट में उसके हाथ और पैर पूरी तरह टूट गए।

धमकी देकर फरार हुए बदमाश, समाज में आक्रोश

करीब पांच मिनट तक सरेआम सड़क पर तांडव मचाने के बाद बदमाश पीड़ित को जान से मारने की खुली धमकी देते हुए अपनी गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर देवासी समाज के लोगों और स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।

अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस

घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल गीगाराम को भीनमाल के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत और हाथ-पैरों में आई गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौका मुआयना किया है और पीड़ित व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Updated on:
23 May 2026 08:02 am
Published on:
23 May 2026 08:02 am