जालोर

‘हत्यारे पकड़े बिना रोटी नहीं खाऊंगी’: 80 साल की मां की जिद, विधायक रविंद्र भाटी के सामने रोया परिवार

Jalore News: जालोर में गणपत सिंह हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर परिवार 16 दिनों से कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठा है। शनिवार को विधायक रविंद्र भाटी धरना स्थल पहुंचे तो परिवार भावुक हो गया। जानिए क्या है पूरा मामला।
2 min read
Mar 15, 2026
Feature image
फोटो- AI

Jalore News: जालोर में व्यापारी गणपत सिंह हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर उनका परिवार पिछले 16 दिनों से कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठा है। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे शिव विधायक रविंद्र भाटी धरना स्थल पहुंचे और पीड़ित परिवार से बातचीत की।

इस दौरान गणपत सिंह की मां, पत्नी और अन्य परिजन भावुक हो गए और न्याय की मांग दोहराई।

80 साल की मां बोलीं- हत्यारे पकड़े बिना रोटी नहीं खाऊंगी

धरने पर बैठी 80 वर्षीय मां हवा कंवर ने कहा कि जब तक उनके बेटे के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे अन्न ग्रहण नहीं करेंगी। विधायक भाटी ने उनसे भूख हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया और कहा कि उनकी जगह दूसरे लोग अनशन पर बैठ जाएंगे, लेकिन मां ने साफ कहा कि उन्हें केवल न्याय चाहिए।

परिवार का आरोप- पुलिस दबाव बनाती है

परिजनों ने आरोप लगाया कि रात के समय पुलिस धरना समाप्त करने का दबाव बनाती है। मृतक के भाई ने बताया कि पहले भी नौ दिन की भूख हड़ताल के बाद बिना खुलासे के धरना खत्म करना पड़ा था, जिसके बाद गांव में लोगों ने ताने दिए। इसलिए इस बार परिवार ने फैसला किया है कि न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

खुलासा नहीं हुआ तो चक्का जाम की चेतावनी

विधायक रविंद्र भाटी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक बुजुर्ग मां, पत्नी और छोटे बच्चे 16 दिनों से न्याय के लिए सड़कों पर बैठे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर जालोर में बड़ा चक्का जाम भी किया जा सकता है।

अगस्त 2024 में मिला था शव

परिवार के अनुसार गणपत सिंह 27 अगस्त 2024 की शाम दुकान से घर के लिए निकले थे, लेकिन रात तक घर नहीं पहुंचे। इसके बाद रामसीन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अगले दिन 28 अगस्त को सिकवाड़ा रोड पर सुनसान स्थान पर उनका शव कीचड़ में मिला था। उनके सिर पर चोट के निशान थे और पास में उनकी बाइक भी गिरी हुई मिली थी, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई थी।

Updated on:
15 Mar 2026 04:10 pm
Published on:
15 Mar 2026 04:10 pm