
जालोर। जालोर जिला परिषद में 12 साल बाद कांग्रेस ने एक बार फिर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। बुधवार को हुए जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के आसुराम देवासी ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हरदानाराम विश्नोई को 19 मतों के बड़े अंतर से हराकर जिला प्रमुख पद हासिल किया। इस जीत के साथ ही जालोर जिला परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बन गया है।
जिला प्रमुख के चुनाव के लिए बुधवार दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया गया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना शुरू हुई। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी आसुराम देवासी को कुल 31 वोट मिले, जबकि भाजपा के हरदानाराम विश्नोई को 12 वोट ही मिल सके। इस तरह आसुराम देवासी ने 19 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जालोर जिला परिषद में इस बार चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहे थे। कुल 43 जिला परिषद सीटों में से कांग्रेस ने 31 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 12 सीटें मिली थीं। किसी अन्य दल या निर्दलीय प्रत्याशी को जीत नहीं मिली। स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद से ही कांग्रेस का जिला प्रमुख बनना लगभग तय माना जा रहा था। हालांकि, भाजपा ने भी मुकाबले को दिलचस्प बनाने के लिए हरदानाराम विश्नोई को मैदान में उतारा था।
आखिरकार मतदान के नतीजों ने कांग्रेस के पक्ष में रहे जनादेश पर मुहर लगा दी। जालोर में 12 साल बाद कांग्रेस का जिला प्रमुख बना है। आसुराम देवासी जिले के 14वें जिला प्रमुख निर्वाचित हुए हैं।
जीत की घोषणा के बाद जिला कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। आतिशबाजी की गई और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए गए। नवनिर्वाचित जिला प्रमुख आसुराम देवासी ने जीत के बाद सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जिले में विकास कार्यों को गति मिले और आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने भी इस जीत को पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है। पहले नगर परिषद में सभापति और अब जिला परिषद में जिला प्रमुख कांग्रेस का बनने से विकास कार्य करवाने में आसानी होगी।
चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच कांग्रेस ने अपने जिला परिषद सदस्यों की बाड़ाबंदी की थी। मतदान के दिन पार्टी के सदस्य जिला अध्यक्ष रमिला मेघवाल के साथ वहां से रवाना होकर जिला परिषद पहुंचे। मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के सदस्यों की जांच के बाद प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई।