जालोर

Rajasthan : मेहंदी भी नहीं सूखी थी, उजड़ गया सुहाग…शादी के 7 दिन बाद हादसे में दूल्हे की मौत, पसरा मातम

जालोर जिले के धानसा गांव में एक सड़क हादसे ने महज सात दिन पहले सजे एक घर की खुशियों को पलभर में उजाड़ दिया। 21 अप्रेल को जिस आंगन में शहनाइयां गूंजी थीं, वहीं अब सिसकियों और चीख-पुकार का माहौल है।

2 min read
Apr 28, 2026
groom dies in Jalore
अरविंद कुमार। फोटो पत्रिका नेटवर्क

भीनमाल (जालोर)। धानसा गांव में एक सड़क हादसे ने महज सात दिन पहले सजे एक घर की खुशियों को पलभर में उजाड़ दिया। 21 अप्रेल को जिस आंगन में शहनाइयां गूंजी थीं, वहीं अब सिसकियों और चीख-पुकार का माहौल है। 23 वर्षीय अरविंद कुमार लुहार, जिसने अभी-अभी सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की थी, एक दर्दनाक सड़क हादसे में हमेशा के लिए चला गया।

अरविंद की नई नवेली दुल्हन के हाथों की मेहंदी अभी पूरी तरह सूखी भी नहीं थी। शादी के बाद घर में रस्मों का दौर जारी था, रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और भविष्य के सपने बुने जा रहे थे। लेकिन किसे पता था कि ये खुशियां इतनी जल्दी मातम में बदल जाएंगी।

अरविंद घर से महज आधा किलोमीटर दूर ही पहुंचा था कि सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।

दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल

जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, वहां का माहौल बदल गया। दुल्हन, जिसने कुछ दिन पहले ही अपने नए जीवन के सपने देखे थे, बेसुध होकर रोती रही। उसकी आंखों के सामने शादी के वो पल बार-बार घूम रहे थे, जो अब सिर्फ याद बनकर रह गए हैं।

घटना से हर कोई स्तब्ध

परिजन भी इस हादसे को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। मां-बाप, जिन्होंने बेटे की शादी बड़े अरमानों से की थी, अब उसके जाने के गम में टूट चुके हैं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। हर कोई यही कह रहा है कि काश यह हादसा न हुआ होता। कुछ दिन पहले तक जिस घर में हंसी-खुशी का माहौल था, वहां अब सन्नाटा पसरा है। यह हादसा न सिर्फ एक युवक की जिंदगी ले गया, बल्कि कई सपनों को भी अपने साथ बहा ले गया।

Published on:
28 Apr 2026 03:17 pm