
Jalore Accident: हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार (फोटो-पत्रिका)
जालोर। सुंधामाता के दर्शन के लिए जा रहे गुजरात के अहमदाबाद निवासी परिवार की कार रविवार तड़के रानीवाड़ा क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। कागमाला चौराहे के समीप सुबह करीब 4 बजे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार अहमदाबाद निवासी परिवार कार से सुंधामाता दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान कागमाला चौराहे के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को रानीवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। हादसे में 7 वर्षीय सिया पुत्री तरुण भाई और 10 वर्षीय श्रेया पुत्री अलपेश भाई की मौत हो गई।
हादसे में अल्पेश भाई पुत्र जगदीश भाई ठाकोर, गीताबेन पत्नी अल्पेश भाई, फिजेश पुत्र जगदीश भाई, प्रिसा पुत्री अल्पेश भाई, रियाज पुत्र अल्पेश भाई और पारूल पत्नी जगदीश भाई घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जसवंतपुरा पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से मृत बच्चियों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए।
परिवार सुंधामाता के दर्शन के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। दो मासूम बच्चियों की मौत के बाद परिवार में शोक की लहर है। वहीं छह घायलों के उपचार के बाद पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
'हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चियों के शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए हैं। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।' -डिंपल कंवर, थानाधिकारी, जसवंतपुरा
Updated on:
13 Sept 2026 06:59 pm
Published on:
13 Sept 2026 06:59 pm
