
जालोर। अजमेर मंडल में होने वाले तकनीकी कार्य के चलते शुक्रवार को कई प्रमुख ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने जानकारी दी है कि रणकपुर एक्सप्रेस, हडपसर सुपरफास्ट और जम्मूतवी एक्सप्रेस को एक ट्रिप के लिए परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। इसके अलावा जोधपुर-साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस को कुछ समय के लिए रद्द भी किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के अनुसार, अजमेर-पालनपुर रेलखंड पर फालना और बिरोलिया स्टेशनों के बीच स्थित ब्रिज संख्या 658 पर आरसीसी बॉक्स डालने का कार्य किया जा रहा है। इस काम के लिए रेलवे ने ब्लॉक लिया है, जिसके कारण ट्रेनों का सामान्य संचालन प्रभावित रहेगा।
इस दौरान 1 और 2 मई को गाड़ी संख्या 14821/14822 जोधपुर-साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस पूरी तरह रद्द रहेगी। वहीं, अन्य ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
परिवर्तित मार्ग के तहत ट्रेन संख्या 14707 हनुमानगढ़-दादर रणकपुर एक्सप्रेस 1 मई को लूनी-भीलड़ी-महेसाना रूट से संचालित होगी। यह ट्रेन समदड़ी, जालोर, मारवाड़ भीनमाल, भीलड़ी और पाटन स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 20496 हडपसर-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 30 अप्रैल को हडपसर से रवाना होकर महेसाना, भीलड़ी और लूनी के रास्ते जोधपुर पहुंचेगी। इस दौरान यह पाटन, भीलड़ी, मारवाड़ भीनमाल, जालोर और समदड़ी स्टेशनों पर रुकेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 19223 साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस 1 मई को साबरमती से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग महेसाना-भीलड़ी-लूनी से होकर चलेगी। यह ट्रेन भी पाटन, भीलड़ी, मारवाड़ भीनमाल, जालोर और समदड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन पुनः सामान्य कर दिया जाएगा।