जालोर

Jalore Four lane Road: आस्था की राह होगी आसान, बनेगी 10 KM लंबी फोरलेन सड़क, खर्च होंगे 9 करोड़

Four lane Road: सांचौर से गोलासन हनुमान मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। पीडब्ल्यूडी ने 10 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग की तैयारी शुरू कर दी है, जिससे आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।
2 min read
Jun 08, 2026
Jalore Four lane Road
खस्ताहाल सड़क। फोटो- पत्रिका

जालोर। सांचौर से गोलासन हनुमान मंदिर तक श्रद्धालुओं की राह अब आसान होगी। पीडब्ल्यूडी की ओर से सांचौर-गोलासन-गरडाली मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए नए सड़क निर्माण का खाका तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में आवागमन सुगम होगा। गोलासन एक प्रमुख धार्मिक स्थल है और अब तक खस्ताहाल सड़क के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ती थी। इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पीडब्ल्यूडी स्तर पर यह कार्य कराया जाएगा। इससे पहले लोगों ने कई बार प्रशासन से सड़क दुरुस्त करने की मांग की, लेकिन बजट और योजना प्रक्रिया लंबित रहने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका।

यह वीडियो भी देखें

विभाग ने 10 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम बजट सत्र में वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद उठाया गया है। सड़क का निर्माण 9 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद न केवल ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि टूटी सड़क की वजह से न केवल यात्रा मुश्किल थी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार भी प्रभावित हो रहे थे। अब फोरलेन बनने के बाद यह मार्ग अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।

बार-बार उठती रही मांग

गोलासन हनुमान मंदिर जन-जन की आस्था का केंद्र है। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। विशेष रूप से मंगलवार और शनिवार को यहां श्रद्धालुओं की रेलमपेल रहती है। अब तक मार्ग संकरा और क्षतिग्रस्त होने के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था।

इन्होंने कहा

गोलासन के लिए जाने वाली 10 किलोमीटर सड़क को बजट घोषणा के अनुसार वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। 9 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

  • प्रदीप कुमार पंवार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, सांचौर

सुकड़ी नदी पर महाराणा प्रताप पुल निर्माण शुरू

वहीं दूसरी ओर जालोर के सियाणा और चांदना के बीच स्थित सुकड़ी नदी पर महाराणा प्रताप पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस पुल के बनने से बारिश के दौरान चांदना गांव अब टापू में तब्दील नहीं होगा। वर्षों से जर्जर रपट के कारण बरसात में सियाणा-चांदना का संपर्क कट जाता था। वर्ष 2006 में 178.36 लाख रुपए की लागत से तीन किलोमीटर लंबी रपट का निर्माण हुआ था, लेकिन वर्ष 2017 की बारिश में सुकड़ी नदी के तेज बहाव से इसका आधा हिस्सा बह गया था। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पाइप लाइन बिछाकर आवागमन सुचारु किया गया।

Updated on:
08 Jun 2026 05:21 pm
Published on:
08 Jun 2026 05:21 pm