Molestation Of Girl: सांचौर में देर रात एक युवती के साथ छेड़छाड़ की कोशिश का मामला सामने आया है। बदमाशों से बचने के लिए युवती ने हिम्मत दिखाते हुए पास के एक निजी हॉस्टल में कूदकर खुद को सुरक्षित किया।
सांचौर। सांचौर में नशेड़ियों का आंतक है और ये पुलिस व्यवस्था के साथ कानून व्यवस्था को धत्ता बता रहे है। पुलिस की प्रभावी गश्त के अभाव और सुस्ती के चलते देर रात गुजरात से अपने परिचित के साथ घूमने आई एक युवती के साथ बड़ी वारदात हो जाती है, लेकिन युवती की सजगता से कोई अनहाेनी होने से रह गई। युवती ने संभावित खतरे को भांपते हुए अपना बचाव खुद किया।
बदमाश प्रवृत्ति के कुछ युवकों ने युवती का पीछा करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की, जिससे घबराकर युवती को अपनी जान बचाने के लिए पास के एक निजी हॉस्टल में कूदकर शरण लेनी पड़ी। जानकारी के अनुसार घटना बड़सम पुलिया क्षेत्र की बताई जा रही है। युवती अपने परिचित के साथ हाइवे किनारे खड़ी थी, तभी कुछ बदमाश युवक वहां पहुंचे और युवती के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसका पीछा करने लगे।
बताया जा रहा है कि बदमाश पैदल और काले शीशों वाली कार से उनका पीछा कर रहे थे। स्थिति बिगड़ती देख युवती भयभीत हो गई और पास में स्थित एक निजी हॉस्टल की रेलिंग फांदकर अंदर घुस गई। वहां से उसने होस्टल संचालक को आवाज लगाकर बचाने की गुहार लगाई। युवती इतनी डरी हुई थी कि लगातार मदद के लिए चिल्ला रही थी।
हॉस्टल संचालक ने बाहर आकर युवती को सुरक्षित किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घबराई युवती को अपने साथ थाने ले गई, जबकि उसका पीछा करने वाले बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। समय रहते युवती को शरण नहीं मिलती तो कोई बड़ी वारदात भी हो सकती थी।
शहर में देर रात तक खुले रहने वाले शराब के ठेकों के कारण नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना आम बात हो गया है। हाइवे सहित शहर की कई शराब की दुकानें देर रात तक खुली रहती हैं, जिसके आसपास शराबियों और नशे के आदी युवकों की भीड़ लगी रहती है। ऐसे में रात के समय किसी महिला की आवाजाही होने पर ये लोग उनका पीछा करने से भी नहीं चूकते।
शहर के चार रास्ता, बडसम बायपास पुलिया, कब्रिस्तान क्षेत्र, हाड़ेचा रोड सहित कई स्थानों पर देर रात तक शराबियों के साथ-साथ एमडी और स्मैक जैसे नशे के आदी युवकों का जमावड़ा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन जगहों पर आए दिन नशे में धुत युवक राहगीरों को परेशान करते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ताजा घटना ने एक बार फिर शहर में रात की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। बाहरी राज्य से आई एक युवती को अपनी जान बचाने के लिए हॉस्टल की रेलिंग फांदकर अंदर घुसना पड़े, यह अपने आप में गंभीर मामला है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि देर रात तक खुले शराब ठेकों पर सख्ती की जाए, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और शहर में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रात्रि को गुजरात से आई युवती के साथ कुछ युवकों की ओर से पीछा कर परेशान करने की जानकारी मिलने पर पुलिस मौका स्थल पर पहुंची थी, युवती को सुरक्षित उनके परिचितों के साथ भेज दिया, बदमाशों की तलाश की जा रही है।