
Chhattisgarh News: भ्रष्ट जैजैपुर विधायक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय का घेराव कर दिया। साथ ही विधानसभा सदस्य पद से तत्काल निलंबित व गिरफ्तार करने की मांग को लेकर एएसपी को ज्ञापन सौपा गया।
एएसपी को सौंपे ज्ञापन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ गंभीर आर्थिक अपराधिक व अनैतिक कार्यों के पुख्ता प्रमाण प्राप्त हुए हैं। बम्हनीडीह सहकारी समिति में मैनेजर पद पर रहते हुए विधायक बालेश्वर साहू द्वारा किसानों के फर्जी हस्ताक्षर व अंगूठा लगाकर 43 लाख 78 हजार रुपए का गबन किया गया।
यह अपराध न केवल भ्रष्टाचार अधिनियम के अंतर्गत आता है, बल्कि किसानों के परिश्रम व अधिकारों की खुली लूट है। इसके अतिरिक्त यह भी तथ्य सामने आया है कि साहू पूर्व में भी वित्तिय अनियमितताओं और अपराधिक प्रवृत्ति के कार्यों में संलिप्त रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने अपने पड़ोसी से मारपीट व धमकी देने का कृत्य कर सामाजिक शांति व कानून व्यवस्था को चुनौदी दी है। साथ ही बताया कि विधायक बालेश्वर द्वारा लगातार प्रताड़ना के कारण रोहित देवांगन नामक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या के पहले सुसाइड नोट छोड़ा है, जो सारागांव थाना में उपलब्ध है। कांग्रेस सरकार द्वारा इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई। सारागांव थाना में मामला लंबित है।
इसी तरह भागवताचार्य पं. राजकुमार शर्मा से मारपीट की घटना, हेमंत राठौर व चंद्रशेखर राठौर से मारपीट की घटना में मामला दर्ज है। ऐसे जनप्रतिनिधि का विधानसभा में बने रहना लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान व जनविश्वास का हनन है। उनकी गतिविधियां जनसेवा के विपरीत व अपराधिक प्रवृत्ति की है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक बालेश्वर साहू को विधानसभा पद से तत्काल निलंबित करने की मांग की गई।
साथ ही उनके खिलाफ दर्ज गबन व मारपीट प्रकरणों में तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाए। जांच होने तक किसी भी सार्वजनिक, प्रशासनिक या राजनैतिक गतिविधि में भाग लेने से रोका जाए। इस दौरान जांजगीर भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व विस नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सक्ती भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व विस नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश का ऑडियो वायरल हुआ। वह रेत से तेल निकाल रहीं थीं। कलेक्टर व एसडीएम ऊपर आरोप लगा दिया गया। ये राघवेन्द्र कौन है? हम कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहते हैं कि ये विधायक है या फिर कोई कार्यकर्ता है, विज्ञप्ति जारी कर बताएं। खुलेआम बात कर रही है कि बेटा उसको इतना दे देना, क्या रेत माफियाओं के द्वारा सत्यनारायण की प्रसाद बांटी जा रही है। यह गंभीर विषय है, नैतिकता के नाते तत्काल पामगढ़ विधायक को इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े द्वारा भी प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित कर पामगढ़ विधायक के ऑडियो मामले में शिकायत करने की बात कही गई थी। लेकिन आज 15 दिन गुजर जाने के बाद भी किसी प्रकार की कहीं कोई शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई। माने इससे स्पष्ट है कि भाजपा के भी कथनी व करनी में अंतर है। क्या रेत घाट के पैसे का हिस्सा उन्हें भी मिल गया।