जांजगीर चंपा

पहले जमीन का सौदा किया, फिर दूसरे को बेच दी… जांजगीर-चांपा में ऐसे ऐंठे 49.70 लाख रुपए

Land Fraud Case: जांजगीर-चांपा में जमीन को भारमुक्त बताकर 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक जमीन दूसरे को बेचने और दूसरी संपत्ति पर 20 लाख लेने के आरोप में हरिशंकर गुप्ता गिरफ्तार।
2 min read
Land Registry Fraud
जांजगीर चांपा में 49.70 लाख की धोखाधड़ी (Photo Source- Patrika)

Land Registry Fraud: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जमीन के सौदे से जुड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चांपा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताकर कुल 49.70 लाख रुपये लेने और बाद में धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Property Fraud Case: 22 खसरों की जमीन का किया था सौदा

पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी वरुण सोमानी ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मारुति विहार कॉलोनी चांपा निवासी 44 वर्षीय हरिशंकर गुप्ता ने ग्राम पोड़ीकला में स्थित कुल 22 खसरों की करीब 4.95 एकड़ जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताया था। आरोपी ने इस जमीन का सौदा 29.70 लाख रुपये में किया। शिकायत के मुताबिक पूरी रकम प्राप्त करने के बाद 14 जुलाई 2025 को जमीन के संबंध में विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित कराया गया।

9 खसरों की जमीन दूसरे व्यक्ति को बेचने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम लेने के बाद आरोपी ने उसी जमीन में से 9 खसरों की करीब 2.37 एकड़ भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी और उसकी रजिस्ट्री भी करा दी। इसके बाद जब शिकायतकर्ता ने शेष जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो आरोपी कथित तौर पर लगातार टालमटोल करता रहा। मामला संदिग्ध लगने पर जमीन से जुड़े राजस्व अभिलेखों की जांच कराई गई। जांच के दौरान उक्त जमीन के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।

पिता से भी लिए थे 20 लाख रुपये

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर शिकायतकर्ता के पिता से भी जमीन-मकान के सौदे के नाम पर 20 लाख रुपये लेने का आरोप है। चांपा स्थित भूमि और मकान को भी भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर यह रकम ली गई थी। बाद में इस संपत्ति के संबंध में भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। इस तरह दोनों संपत्तियों के मामले में शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से कुल 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया।

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

प्रार्थी की शिकायत के आधार पर चांपा थाने में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने जमीन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की। जांच के दौरान आरोपी हरिशंकर गुप्ता की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

Chhattisgarh Crime News: आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से मामले को लेकर पूछताछ की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद उसे न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी हरिशंकर गुप्ता को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जमीन के सौदे में सामने आए आरोपों को लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Updated on:
23 Sept 2026 03:20 pm
Published on:
23 Sept 2026 03:20 pm