शौचालय निर्माण की राशि सरकार ने जारी कर दी
जांजगीर-नवागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के सपनों पर नवागढ़ ब्लाक के गौरव ग्राम सेमरा के सरपंच पर लाखों रुपए का बंदरबांट करने का आरोप लग रहा है।
शौचालय निर्माण की राशि सरकार ने जारी कर दी, पर सरपंच ने गांव के सैकड़ो हितग्राहियों को अब तक पूरी राशि नहीं दिया है। किसी को छह हजार दिया जा रहा है तो किसी को आठ हजार, यानी किसी भी हितग्राहियों को अब तक निर्माण की पूरी रकम 12 हजार रुपए नहीं दिया जा रहा है। सरपंच द्वारा प्रत्येक हितग्राहियों से खुलेआम तीन से चार हजार रुपए कटौती करते हुए राशि का भुगतान किया जा रहा है। इस आशय की शिकायत नवागढ़ सीईओ से की जा चुकी है।
इसके बाद भी सरपंच को अधिकारियों को खौफ नहीं है। उसका कहना है कि जाओ जहां शिकायत कर लो उसका कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समूचे देश में स्वच्छता अभियान की अलख जगाई है। उनका सपना है कि घर घर में शौचालय का निर्माण हो और कोई खुले में शौच न करें, लेकिन उनके सपने में गौरव ग्राम सेमरा के सरपंच पानी फेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। गांव में शुरुआती दौर से ही योजना के तहत आई राशि में बंदरबांट किया जा रहा है।
गांव में जिनके घरों में शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है वे जैसे तैसे सरकार की योजना में शामिल होकर खुद के पाकेट से रकम खर्च कर शौचालय का निर्माण किया है। हितग्राहियों को उम्मीद थी कि सरकार उन्हें योजना के तहत 12 हजार रुपए प्रदान करेगी। सरपंच ने गांव में सर्वे कराकर 645 हितग्राहियों का नाम जोड़कर योजना का लाभ दे दिया। इसके अलावा 75 हितग्राहियों को मनरेगा के तहत नाम जोड़कर योजना का लाभ दिया। यानी 720 हितग्राहियों के घरों में शौचालय का निर्माण किया गया। योजना के तहत 12 हजार रुपए के हिसाब से 77 लाख रुपए मिलना था।
सरकार ने अब तक योजना के तहत तकरीबन 77 लाख रुपए जारी कर चुका है। वहीं केवल 10 प्रतिशत राशि ही अटका है। इतनी राशि सरपंच के खाते में डल चुका है, लेकिन सरपंच द्वारा हितग्राहियों को उनके शौचालय निर्माण की राशि देने में हिलाहवाला किया जा रहा है।
हितग्राहियों द्वारा रकम मांगने पर वह किसी को छह हजार तो किसी को आठ हजार रुपए ही दिया जा रहा है। सरपंच का कहना है कि सरकार ने योजना के तहत पूरी राशि नहीं दी है। जो दिया है उसे ही जैसे तैसे भुगतान किया जा रहा है।
-645 हितग्राहियों का स्वच्छ भारत मिशन के तहत व 75 हितग्राहियों के मनरेगा के तहत शौचालय का निर्माण किया गया है। यानी 720 हितग्राहियों के घरों में शौचालय का निर्माण किया गया। 10 प्रतिशत राशि अब तक नहीं मिल पाई है। शेष राशि का भुगतान कर दिया गया है। भुगतान में गड़बड़ी की बात सरपंच अच्छे से बता पाएंगे।
-रामेश्वर पटेल, ग्राम पंचायत सचिव