जांजगीर चंपा

CG News: तालाब में डूबने से दो जुड़वा बच्चियों की मौत, गांव में दौड़ी शोक की लहर

CG News: परिजनों और ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों बच्चियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती पहुंचाया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2 min read

CG News: सक्ती जिले में तालाब में डूबने से दो जुड़वा बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। मासूमों की अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि बच्चियां घर के पास खेल रही थीं, तभी अचानक तालाब में गिर गईं, जिससे यह हृदयविदारक हादसा हो गया।

मृत बच्चियों की पहचान दीप्ति गोंड (6 वर्ष) और दिव्या गोंड (6 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत लवसरा गांव की है। दोनों बच्चियां सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते वे तालाब के किनारे पहुंच गईं। इसी दौरान असावधानीवश दोनों तालाब में गिर गईं और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे समय रहते उन्हें बचाया नहीं जा सका।कुछ देर बाद गांव के लोगों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए देखे, जिसके बाद तत्काल उन्हें बाहर निकाला गया। परिजनों और ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों बच्चियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती पहुंचाया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। इस दुखद घटना से लवसरा गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है कि गांवों में तालाबों के किनारे सुरक्षा घेरा (फेंसिंग), चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि पूरे समाज के लिए एक चेतावनी भी है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता और ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है।

इससे सम्बंधित खबर

दो बेटियों को डूबता देख पिता ने लगाई छलांग

बालोद जिले के पिपरछेड़ी स्थित तांदुला नहर में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। अपनी दो बेटियों को डूबते देख उन्हें बचाने के लिए नहर में कूदे पिता की मौत हो गई, जबकि एक बेटी अब भी लापता है। ( Balod News ) एक अन्य बेटी को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। पढ़े पूरी खबर

Published on:
29 Apr 2026 06:01 pm
Also Read
View All