जशपुर

4 साल के रिश्ते के बाद आर्य समाज में शादी! नगर पालिका अध्यक्ष की पत्नी ने खोली पति की पोल, शिकायती पत्र से मचा हड़कंप

Raipur Marriage News: जशपुर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत की पत्नी प्रियतमा ने SP से शिकायत कर मानसिक प्रताड़ना और वैवाहिक दायित्वों से मुंह मोड़ने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 2:04 PM IST
CG News
4 साल के रिश्ते के बाद आर्य समाज में शादी! (photo-patrika)

Priyatama Arvind Bhagat: छत्तीसगढ़ के जशपुर में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत के खिलाफ उनकी पत्नी प्रियतमा अरविंद भगत ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। शिकायती पत्र में उन्होंने विवाह के बाद साथ नहीं रखने, वैवाहिक दायित्वों से मुंह मोड़ने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, दोनों के बीच वर्ष 2021 से संबंध थे और 7 मार्च 2026 को रायपुर के आर्य समाज में विवाह हुआ था। पत्नी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।

Jashpur Controversy: 2021 से संबंध, जीवनभर साथ निभाने का दिया था भरोसा

प्रियतमा अरविंद भगत ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि उनके और अरविंद भगत के बीच वर्ष 2021 से प्रेम संबंध थे। उनका दावा है कि करीब चार वर्षों तक दोनों पति-पत्नी की तरह रहे। इस दौरान अरविंद भगत ने जीवनभर साथ निभाने और विवाह करने का आश्वासन दिया था। शिकायत पत्र के अनुसार, वर्ष 2025 में अरविंद भगत के नगर पालिका अध्यक्ष बनने के बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें कम होने लगीं। इसके बाद संबंधों में दूरी बढ़ने का आरोप लगाया गया है।

7 मार्च 2026 को रायपुर के आर्य समाज में हुआ विवाह

प्रियतमा के मुताबिक, उनके और परिवार के बार-बार कहने के बाद 7 मार्च 2026 को रायपुर स्थित आर्य समाज में विवाह संपन्न हुआ। शिकायत पत्र में विवाह के दौरान मौजूद लोगों का भी उल्लेख किया गया है। पत्र के अनुसार, अरविंद भगत की ओर से सोनू पाण्डेय, अमित साय सहित अन्य लोग विवाह में मौजूद थे। वहीं, शिकायतकर्ता की ओर से उनके बड़े भाई, भाभी, चाची, फूफा और संतोष ओहदार सहित परिवार के सदस्य शामिल हुए थे।

मानसिक प्रताड़ना का आरोप, BNS की धाराओं में कार्रवाई की मांग

प्रियतमा अरविंद भगत ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत में मानसिक प्रताड़ना सहित अन्य तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 85 और 86 अथवा अन्य लागू दंडनीय धाराओं के तहत संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

इसके अलावा उन्होंने घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत संरक्षण, निवास, आर्थिक सहायता और क्षतिपूर्ति जैसी राहतों के लिए मार्गदर्शन एवं सहयोग मांगा है। शिकायत में अधिनियम की विभिन्न धाराओं का उल्लेख किया गया है।

शिकायती पत्र को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

नगर पालिका अध्यक्ष की पत्नी की इस शिकायत के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। लोग इस घटनाक्रम पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग शिकायतकर्ता महिला के समर्थन में सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग नगर पालिका अध्यक्ष के पक्ष में अपनी राय रख रहे हैं। फिलहाल शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों को लेकर चर्चा तेज है। मामले में पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
28 Nov 2026, 2:04 PM IST
Published on: