झालावाड़

Jhalawar: हिस्ट्रीशीटर पर पुलिस का एक्शन, ढाबे और मकानों पर चला बुलडोजर, अवैध संपत्तियों को किया ध्वस्त

झालावाड़ जिले में पुलिस और प्रशासन ने संगठित अपराध और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। सोमवार अलग-अलग स्थानों पर अवैध कब्जों और नशा तस्करी के ठिकानों पर बुलडोजर चलाया।
2 min read
Jhalawar Police Action
कार्रवाई की फोटो: पत्रिका

Rajasthan News: झालावाड़ जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने अब रणनीति बदल दी है। गिरफ्तारी के साथ-साथ अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों और सरकारी जमीन पर किए गए कब्जों पर भी बुलडोजर चलाया जा रहा है। सोमवार तड़के 2 अलग-अलग कार्रवाइयों में नशा तस्करी के लिए इस्तेमाल हो रहे ढाबे को जमींदोज कर दिया और गंगधार के हिस्ट्रीशीटर संजय मीणा के 3 अवैध कब्जे हटाकर सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई। अलसुबह कार्रवाई से अपराधियों में खलबली मच गई।

एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिले में संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ऐसे अपराधियों की अवैध संपत्तियों और सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई की फोटो: पत्रिका

ढाबे में चल रहा था नशा तस्करी का कारोबार

घाटोली थाना क्षेत्र के खोली गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर संचालित एक ढाबा लंबे समय से नशा तस्करी का ठिकाना बना हुआ था। जांच में सामने आया कि करणसिंह मीणा और शुभकरण मीणा ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा कर ढाबा बना रखा था। नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर ढाबे को ध्वस्त कर दिया।

एसपी के अनुसार 13 जून को दोनों आरोपियों के ठिकानों पर की गई दबिश में 51 किलो से अधिक डोडा चूरा बरामद हुआ था। वे ढाबे की आड़ में ट्रक चालकों और राहगीरों तक मादक पदार्थ पहुंचा रहे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं।

कार्रवाई की फोटो: पत्रिका

आरोपी के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त

उधर गंगधार में हिस्ट्रीशीटर संजय मीणा के खिलाफ भी प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार वर्ष 1999 से मादक पदार्थ तस्करी सहित हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट और अन्य गंभीर मामलों में आरोपी संजय मीणा ने चरागाह भूमि पर पक्का निर्माण कर रखा था। इसके अलावा दो अन्य स्थानों पर भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया था। प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में तीनों स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा और किसी भी विरोध की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई।

Updated on:
06 Jul 2026 10:15 am
Published on:
06 Jul 2026 10:15 am