झालावाड़

झालावाड़ में हादसा: बिजली के पोल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली दुकान में घुसी, 2 मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल

झालावाड़ के संजय कॉलोनी फॉरेस्ट रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विद्युत लाइन के सीमेंट पोल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक किराना दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान पर मौजूद दो मासूम सहेलियां ट्रैक्टर और काउंटर के बीच फंस गईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
2 min read
Jul 25, 2026
Jhalawar Tractor Trolley Accident
दुकान में घुसा ट्रैक्टर (पत्रिका फोटो)

Jhalawar Tractor Trolley Accident: झालावाड़ शहर के संजय कॉलोनी फॉरेस्ट रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। विद्युत लाइन के भारी-भरकम सीमेंट पोल से भरी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे सड़क किनारे स्थित एक किराने की दुकान में जा घुसी। इस हादसे में दुकान पर सामान खरीदने आईं दो मासूम सहेलियां ट्रैक्टर और दुकान के काउंटर के बीच बुरी तरह फंस गईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को ट्रैक्टर और काउंटर के बीच से निकाला और तुरंत जिला एसआरजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों बच्चियों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। हादसे मं कोमल (10 वर्ष) का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, गरिमा (6 वर्ष) के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर और शरीर पर कई अन्य गंभीर चोटें आई हैं। दोनों बच्चियों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया है।

क्या हैं प्रत्यक्षदर्शियों के दावे?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में विद्युत लाइन के सीमेंट पोल क्षमता से काफी अधिक लदे हुए थे। ये पोल ट्रॉली के आगे और पीछे करीब चार-चार फीट बाहर निकले हुए थे। मोड़ पर चालक तेज रफ्तार ट्रैक्टर पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे दुकान के अंदर जा घुसा। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि चालक देखने में नाबालिग लग रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है। संजय कॉलोनी के निवासियों ने घटना पर गहरा रोष जताते हुए बताया कि फॉरेस्ट रोड पर स्थित सीमेंट गोदाम के बाहर हर समय भारी ट्रक और ट्रॉले अवैध रूप से खड़े रहते हैं।

इस कारण सड़क बेहद संकरी हो जाती है और मोड़ पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। शनिवार को भी सड़क पर खड़े भारी वाहनों के कारण ही मोड़ पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोडेड वाहनों और अवैध पार्किंग पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Updated on:
25 Jul 2026 04:53 pm
Published on:
25 Jul 2026 04:48 pm