झालावाड़

Jhalawar Crime: मोबाइल की बैटरी और चंद रुपयों के लिए कत्ल, आरोपी की जमीन जोतता था मृतक

पनवाड़ थाना पुलिस ने हरिगढ़ गांव में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी जितेंद्र भील (25) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय रामगोपाल भील की हत्या जमीन के मुनाफे के पैसों और मोबाइल की बैटरी के मामूली विवाद के कारण की गई थी।
2 min read
May 06, 2026
Jhalawar Crime
आरोपी गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)

झालावाड़: पनवाड़ थाना पुलिस ने गत दिनों हुए एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन के मुनाफे के पैसे और मोबाइल बैटरी को लेकर हुए विवाद में एक वृद्ध की खेत में हत्या कर दी गई थी।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के हरिगढ़ गांव निवासी मृतक के पुत्र सांवरिया भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता रामगोपाल (70) पुत्र बालाजी रोजाना की तरह सुबह करीब 9 बजे गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित खेत पर पशु चराने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे।

परिजनों ने तलाश की तो रात करीब साढ़े नौ बजे खेत पर रामगोपाल मृत अवस्था में मिले। उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। अज्ञात व्यक्ति द्वारा घातक हथियार से हत्या की आशंका पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने एफएसएल, एमआईयू और डॉग स्क्वॉयड की मदद से साक्ष्य जुटाए। तकनीकी विश्लेषण और सूचना संकलन के आधार पर हरिगढ़ निवासी जितेंद्र (25) पुत्र छोटूलाल भील को गिरफ्तार किया गया।

खाना बनाया और शराब का सेवन किया

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के खेत पास-पास थे और दोनों के बीच जान-पहचान थी। मृतक आरोपी की जमीन जोतता था और मुनाफे के कुछ पैसे देना बाकी थे। घटना से कुछ दिन पहले आरोपी ने मोबाइल की बैटरी चार्ज करने के लिए मृतक को दी थी, जिसे वापस नहीं किया गया।

घटना वाले दिन दोनों ने साथ बैठकर खाना बनाया और शराब का सेवन किया। इसी दौरान पैसों और बैटरी को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर रामगोपाल की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर की जांच शुरू कर दी है।

साडू को चाकू मारकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

झालावाड़ जिले के मंडावर थाना क्षेत्र में रविवार को अपने साडू की चाकू मारकर हत्या करने के आरोपी कमलेश भील को मंडावर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचकर न्यायालय में पेश किया।

पूछताछ में सामने आया कि कमलेश ने ससुराल में साडू बबलू द्वारा अपना वर्चस्व बढ़ाने की रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। फरियादिया गुड्डीबाई पत्नी बबलू भील निवासी मोड़क, कोटा ने झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

रिपोर्ट में बताया कि उनके पीहर कोथलागट्टी में छोटी बहन की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे जंवाई कमलेश भील निवासी संजय कॉलोनी, झालावाड़ वहां आया। कमलेश ने अपने साडू बबलू भील पुत्र नानूराम भील (31 वर्ष) निवासी मोड़क, कोटा के पेट में चाकू मार दिया।

बबलू को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसी दिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

वृत्ताधिकारी वृत्त खानपुर गरिमा जिंदल के सुपरविजन एवं थानाधिकारी खानपुर रविंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी कमलेश भील को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

Updated on:
06 May 2026 02:49 pm
Published on:
06 May 2026 02:49 pm
Also Read
View All