झालावाड़

झालावाड़: खेत की बाड़ में छोड़ा करंट, 10 गाय और 3 बछड़े की मौत; भड़के ग्रामीण

झालावाड़ के खेजड़िया गांव में खेत की मेड़ पर लगाए गए विद्युत तार की चपेट में आने से 13 गोवंश (10 गायें व 3 बछड़े) की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार रात हुई इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों और गौरक्षकों ने उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर तीन घंटे तक प्रदर्शन किया।
2 min read
Aug 26, 2026
jhalawar electric fence kills 13 cattle
घटना स्थल पर मौजूद लोग (पत्रिका फोटो)

पिड़ावा (झालावाड़): झालावाड़ जिले में पिड़ावा एरिया के तहत आने वाले खेजड़िया गांव में खेत की मेड़ पर लगाए गए विद्युत तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से 13 गोवंश की मौत हो गई। मंगलवार रात हुई घटना का बुधवार सुबह ग्रामीणों को पता चला तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घटना से गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी कार्यालय के सामने करीब तीन घंटे प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात खेजड़िया निवासी प्रभुलाल बागरी ने खेत की मेड़ पर विद्युत तार फैला रखे थे। इन तारों में करंट प्रवाहित होने के कारण खेत में 13 गोवंश उसकी चपेट में आ गए। इनमें 10 गाय और तीन बछड़े शामिल हैं, सभी की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
बता दें कि बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। सूचना पर सीआई रामपाल यादव मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पशु चिकित्सक ने किया पोस्टमॉर्टम

पुलिस ने सभी मृत गोवंश का पशु चिकित्सक से पोस्टमॉर्टम करवाया। पोस्टमॉर्टम में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद जेसीबी की मदद से सभी शवों को दफना दिया गया। पुलिस ने आरोपी प्रभुलाल बागरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाने के बाद एसडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और गोरक्षकों ने पहले थाने पर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की मांग की। मामला दर्ज होने के बाद ग्रामीण गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां करीब तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा।

4 सितंबर को अतिक्रमण हटाने का आश्वासन

गोरक्षक एवं बजरंग दल प्रखंड संयोजक बहादुर सिंह सिसोदिया ने बताया कि ग्रामीणों ने खेजड़िया की सरकारी गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग रखी। इस पर उपखंड अधिकारी ने 4 सितंबर को गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम खेजड़िया की सरकारी गोचर भूमि पर प्रभुलाल पुत्र नाथूलाल, निवासी खेजड़िया ने लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा है। गोचर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। आरोपी का बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से काटा जाए।

Updated on:
26 Aug 2026 06:15 pm
Published on:
26 Aug 2026 05:53 pm