
Jhalawar Municipal Council Election Result: झालावाड़ नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव का परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहा। कांग्रेस प्रत्याशी राजेश गुर्जर ने बीजेपी के राजकुमार सोनी को 15 वोटों से हराकर सभापति पद पर जीत दर्ज की। मतदान के बाद हुई मतगणना में राजेश गुर्जर को 30 वोट मिले, जबकि बीजेपी प्रत्याशी राजकुमार सोनी के खाते में 15 वोट आए। इसके साथ ही राजेश गुर्जर को विजयी घोषित कर दिया गया।
झालावाड़ नगर परिषद के 45 वार्डों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 29 पार्षद जीतकर आए थे, जबकि बीजेपी के 13 पार्षद निर्वाचित हुए। इसके अलावा दो निर्दलीय और एक आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने भी जीत हासिल की थी। सभापति चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के पार्षदों के बीच क्रॉस वोटिंग भी देखने को मिली। वार्ड चुनाव के आंकड़ों के मुकाबले सभापति चुनाव में कांग्रेस को एक अतिरिक्त वोट मिला, जबकि बीजेपी को दो अतिरिक्त वोट हासिल हुए।
झालावाड़ नगर परिषद - राजेश गुर्जर (कांग्रेस)
झालरापाटन - अंशु गुप्ता (भाजपा)
भवानीमंडी - पिंकी गुर्जर (कांग्रेस)
अकलेरा - याशिका मेवाड़ा (भाजपा)
खानपुर - कांता साहू (कांग्रेस)
मनोहरथाना - देवेंद्र शर्मा (भाजपा)
डग - टीना नागर (कांग्रेस)
पिड़ावा - राजू माली (भाजपा)
राजेश गुर्जर वार्ड 26 से पार्षद का चुनाव जीतकर नगर परिषद पहुंचे हैं। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने ही रिश्तेदार और बीजेपी प्रत्याशी मनोज गुर्जर को हराकर पार्षद का चुनाव जीता था। इसके बाद कांग्रेस की ओर से उन्हें सभापति पद के लिए प्रमुख दावेदार के रूप में सामने किया गया।
राजेश गुर्जर दूसरी बार पार्षद चुने गए हैं। वह वर्तमान में झालावाड़ शहर में दूध डेयरी के कारोबार से जुड़े हुए हैं। उनका राजनीतिक सफर अभी तक पार्षद पद तक ही रहा है और उन्होंने किसी बड़े राजनीतिक पद पर काम नहीं किया है। अब सभापति की जिम्मेदारी मिलने के बाद शहर के विकास और नगर परिषद की व्यवस्थाओं को बेहतर करने की चुनौती उनके सामने होगी।
झालावाड़ नगर परिषद में पिछले साल बीजेपी का बोर्ड था। पूर्व सभापति संजय शुक्ला का नाम रिश्वत प्रकरण में सामने आने के बाद उनके फरार बताए जाने की बात भी सामने आई थी। इस दौरान शहर में आम लोगों को नगर परिषद से जुड़े कामों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ने की शिकायतें भी सामने आती रही थीं।
कांग्रेस के राजेश गुर्जर के सभापति बनने के बाद अब शहर में विकास कार्यों को गति देने और आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की उम्मीद की जा रही है। नई परिषद के सामने सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने के साथ नगर परिषद की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी भी रहेगी।
सभापति चुने जाने के बाद राजेश गुर्जर ने कहा कि उनका प्रयास झालावाड़ शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने का रहेगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सभी वार्डों में विकास कार्य करवाए जाएंगे और जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पिछले बीजेपी बोर्ड के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए।
गुर्जर ने कहा कि पिछले पांच साल में नगर परिषद की क्या स्थिति रही, यह आम जनता ने देखा है। उन्होंने पिछले बोर्ड पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। पार्टी के ही कुछ पार्षदों की ओर से दबाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें स्पष्ट जनादेश दिया है। ऐसे में वे किसी दबाव में काम करने के बजाय जनता के हित में कार्य करेंगे।
सभापति चुनाव को लेकर नगर परिषद परिसर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई। सुबह 10 बजे सभापति पद के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान से पहले सभी निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई गई।
मतदान के लिए पार्षदों को मोटर गैरेज इलाके की तरफ से नगर परिषद स्थित मतदान केंद्र में प्रवेश दिया गया। करीब 500 मीटर क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाए गए थे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की गई। मतदान पूरा होने के बाद मतगणना की गई, जिसमें कांग्रेस के राजेश गुर्जर को 30 वोट और बीजेपी के राजकुमार सोनी को 15 वोट मिले। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में खुशी का माहौल बन गया।