Moneylender Suganchand Meena Arrested: झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में एक सूदखोर को गिरफ्तार किया गया है, जिसने अवैध तरीके से डांडी ब्याज वसूलकर करोड़ों रुपए की संपत्ति बना ली थी।
Illegal Activity: झालावाड़ जिले की अकलेरा पुलिस ने ब्याज पर ब्याज [डांडी ब्याज] वसूलने वाले एक सूदखोर को गिरफ्तार किया। उसके पास करोड़ों रुपए के अवैध लेनदेन का रिकॉर्ड, सैकड़ों खाली चैक, स्टाम्प और सम्पति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। उसने पिछले तीन साल में लोगों से ब्याज के रूप में 5.85 करोड़ रुपए वसूल लिए थे। वह 15 से 20 प्रतिशत तक ब्याज वसूल कर रहा था।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि झालावाड़ जिले के अकलेरा थाने पर घनश्याम शर्मा ने नई बस्ती निवासी सुगनचंद मीणा के खिलाफ शिकायत दी थी। शर्मा ने बताया कि उसने सुगनचंद मीणा से कर्ज लिया था। सुगनचंद ने उसे मकड़जाल में फंसा लिया और डरा धमकाकर उससे पिछले छह साल से ब्याज पर ब्याज [डांडी ब्याज] वसूल रहा है।
उससे जबरन रुपए वसूले जा रहे है। उसने वसूली के लिए गुर्गे पाल रखे है, जो शराब पीकर उसे धमकाते रहते है। वे उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर रहे है। वह मूल राशि और उसका ब्याज दे चुका है, लेकिन सुगनचंद ब्याज पर ब्याज चढ़ाकर लगातार राशि बढ़ाता जा रहा है।
इस पर थानाधिकारी धर्माराम के नेतृत्व में एक टीम ने कार्रवाई करते हुए सुगनचंद को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुगनचंद मीणा के कब्जे से मिले रिकॉर्ड के अनुसार उसने वर्ष 2023 में करीब 1.46 करोड़, 2024 में 1.83 करोड़ और 2025 में 2.56 करोड़ रुपए ब्याज के रूप में वसूल किए। यह पूरा कारोबार अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था।
एसपी के अनुसार सुगनचंद गरीब और जरूरतमंद लोगों को पहले कम राशि उधार देकर भरोसा जीतता था, फि र उस पर ब्याज दर ब्याज जोड़कर रकम बढ़ाता जाता था। समय पर किस्त नहीं चुकाने पर भारी पेनल्टी लगाई जाती थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी उधार लेने वालों से खाली चेक, स्टाम्प और संपत्ति के दस्तावेज गिरवी रखवाता था। बाद में नई शर्तों के साथ दोबारा स्टाम्प लिखवाकर वसूली करता था। इस तरह एक बार कर्ज लेने वाला व्यक्ति लगातार कर्ज के जाल में फं सता चला जाता था।
पुलिस नेआरोपी से 521 खाली चेक, 178 स्टाम्प पेपर, 38 हस्ताक्षरित खाली स्टाम्प, 14 रजिस्टर, 143 डायरी और हजारों पर्चियां बरामद की हैं। इसके अलावा जमीन और मकान से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।