Inaya Khan Inspirational Story: 14 साल की इनाया खान ने अमेरिका में आयोजित रोबोफेस्ट वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और घाना का नाम रोशन किया है। झालावाड़ की इस प्रतिभाशाली छात्रा ने अपनी टीम के साथ प्रथम स्थान हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
RoboFest World Championship 2026: अमेरिका के मिशिगन में आयोजित प्रतिष्ठित रोबोफेस्ट वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2026 में झालावाड़ निवासी 14 वर्षीय इनाया खान ने विश्व स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर भारत और घाना दोनों का नाम रोशन किया है। इनाया ने दुनिया के कई उन्नत देशों को पीछे छोड़ते हुए अपनी टीम के साथ शानदार प्रदर्शन किया और जूनियर बिल्डिंग ब्रिजेस श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता 14 से 16 मई तक मिशिगन स्थित लॉरेंस टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित की गई थी, जहां दुनिया भर के प्रतिभाशाली छात्र अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करने पहुंचे थे।
इनाया खान का चयन घाना की ओर से इस चैम्पियनशिप के लिए किया गया था। उनकी इस उपलब्धि को सम्मान देते हुए अमेरिकी दूतावास ने भी इनाया की तस्वीर साझा की।
इनाया खान ने बताया कि यह प्रतियोगिता बेहद कठिन थी और उन्हें यहां सीखने का नया अनुभव मिला। टीम लीडर इनाया खान ने कहा कि विश्व चैम्पियनशिप जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त करना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने घाना और भारत दोनों देशों का नाम रोशन करने पर गर्व व्यक्त किया। प्रतियोगिता में घाना प्रथम, हांगकांग द्वितीय और मिशिगन, अमेरिका तृतीय स्थान पर रहे।
उनके चाचा शकील खान ने बताया कि रोबोफेस्ट जैसी विश्व स्तरीय प्रतियोगिताएं बच्चों के भविष्य के लिए महत्त्वपूर्ण मंच साबित होती है। उन्होंने कहा कि रोबोटिक्स और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में यह उपलब्धि बेहद बड़ी मानी जाती है और ऐसे मंच बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इनाया बचपन से ही तकनीक और नवाचार में रुचि रखती थीं। प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान टीम ने कई महीनों तक लगातार मेहनत की और अलग-अलग तकनीकी चुनौतियों पर काम किया। इस सफलता से क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी विज्ञान और रोबोटिक्स के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। परिवार और स्कूल में भी इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है तथा सभी ने इनाया को शुभकामनाएं दी हैं।
इनाया खान वर्तमान में महिला अधिकारिता एवं बाल विकास विभाग की 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' अभियान की ब्रांड एम्बेसडर भी हैं। इनाया का सपना है कि वह भविष्य में टेक्नोलॉजी आधारित एक ऐसा स्कूल खोलें, जहां बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाए।