
चौमहला (झालावाड़): राजस्थान और मध्यप्रदेश के रेल यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। कोटा से रतलाम के बीच नई मेमू ट्रेन के संचालन को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। लंबे समय से इस रेलमार्ग पर नियमित यात्री ट्रेन चलाने की मांग कर रहे लोगों को अब बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। नई मेमू ट्रेन शुरू होने से रामगंजमंडी, भवानीमंडी, शामगढ़, सुवासरा, चौमहला, विक्रमगढ़ आलोट और महिदपुर रोड सहित कई स्टेशनों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह और उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया लंबे समय से इस ट्रेन के संचालन के लिए प्रयास कर रहे थे। दोनों सांसदों की पहल के बाद रेल मंत्रालय ने ट्रेन के संचालन को स्वीकृति प्रदान की है। मंजूरी की खबर सामने आने के बाद दोनों राज्यों के रेल यात्रियों में खुशी का माहौल है।
कोटा-रतलाम रेलमार्ग पर दोपहर और अगली सुबह के बीच साधारण यात्री ट्रेन की सुविधा नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जानकारी के अनुसार, रतलाम से कोटा की ओर दोपहर 2:10 बजे बड़ोदरा-कोटा पार्सल ट्रेन के बाद अगले दिन सुबह 7 बजे से पहले कोई साधारण ट्रेन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इस रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को काफी इंतजार करना पड़ता है।
रतलाम क्षेत्र के लोग शादी-ब्याह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में वहां जाते हैं। सोने-चांदी के आभूषणों और सब्जियों सहित अन्य जरूरी सामान की खरीदारी के लिए भी रतलाम आसपास के क्षेत्रों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। ऐसे में नई मेमू ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नई मेमू ट्रेन के संचालन से राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इनमें रामगंजमंडी, भवानीमंडी, शामगढ़, सुवासरा, चौमहला, विक्रमगढ़ आलोट और महिदपुर रोड शामिल हैं। इन स्टेशनों से प्रतिदिन यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
रेल मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद अब यात्रियों को ट्रेन के नियमित संचालन का इंतजार है। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी तक ट्रेन शुरू होने की तारीख और समय सारिणी की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। टाइम टेबल सामने आने के बाद ही ट्रेन के आगमन और प्रस्थान का समय स्पष्ट हो सकेगा।