झालावाड़

Traffic Diversion: झालावाड़ से कोटा जाने वालों के लिए अलर्ट जारी, 10 घंटे तक बंद रहेगा यह रूट, हेल्प लाइन नंबर जारी

Jhalawar Traffic Diversion: झालावाड़ में मंगलवार को दरा की नाल से गुजरने वाले वाहनों के लिए यातायात मार्ग बदला जाएगा। रेलवे पुल निर्माण कार्य के चलते सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
2 min read
Jhalawar Traffic Diversion
एआई तस्वीर

झालावाड़। जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर दरा की नाल से गुजरने वाले वाहनों के लिए यातायात मार्ग में अस्थाई परिवर्तन किया जाएगा। यह बदलाव कोटा-नागदा रेलवे खंड के कंवलपुरा-दरा स्टेशनों के बीच रेलवे की ओर से नए आरओबी (सड़क के ऊपरी पुल) निर्माण कार्य के चलते किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही वैकल्पिक मार्गों से कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि रेलवे की ओर से आर्क ब्रांच संख्या 148 के पास किलोमीटर 865/33-35 पर बॉक्स पुशिंग प्रणाली से हेड गार्डर स्थापित करने का कार्य किया जाएगा।

सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक मार्ग परिवर्तन लागू

इसके चलते दरा की नाल रेलवे भूमिगत मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। उन्होंने बताया कि एनएच-52 दरा की नाल से गुजरने वाले सभी यात्री और मालवाहक वाहनों के लिए मंगलवार सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा। कोटा जाने वाले वाहनों को विभिन्न स्थानों से होकर वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। इनमें अरनिया तिराहा, तीनधार चौराहा, माधोपुर चौराहा, सिंघानिया टोल प्लाजा, खंडिया चौराहा, पिपलिया तिराहा, मामा-भांजा चौराहा, खानपुर चौराहा और बाघेर चौराहा शामिल हैं। यहां से वाहन सारोला, खानपुर, मांडवरा और बपावर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्ग का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि मार्ग परिवर्तन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि यातायात सुचारु बना रहे और किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस दौरान कोई रोगी, एंबुलेंस या जरूरतमंद व्यक्ति मार्ग में फंस जाता है तो वह पुलिस नियंत्रण कक्ष झालावाड़ के मोबाइल नंबर 7688977000 या दूरभाष नंबर 07432-230465 पर संपर्क कर सकता है।

वाहन चालकों को ओवरटेक नहीं करने, अपनी लेन में चलने, संयम रखने, जाम की स्थिति नहीं बनाने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई है। पुलिस प्रशासन ने कहा कि निर्धारित तिथि और समय के बाद यातायात पुन: अपने पुराने मार्ग पर सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले कोटा में दरा घाटी में निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास का कार्य रविवार को एक बार फिर टल गया। ट्रेन आगजनी की घटना के बाद सुरक्षा कारणों से रेलवे प्रशासन ने ब्लॉक देने से इनकार कर दिया जिसके चलते प्रस्तावित तकनीकी कार्य इस बार भी नहीं हो सका।

Updated on:
18 May 2026 07:41 pm
Published on:
18 May 2026 07:40 pm