झांसी

जयमाला के बाद दूल्हे ने कर दी 5 लाख की डिमांड… जमकर चले लात-घूंसे, दुल्हन ने किया शादी से इनकार

Crime News: जिस घर में गूंज रही थीं शहनाइयां वहां अचानक चलने लगीं कुर्सियां। झांसी में 5 लाख रुपये न मिलने पर दूल्हे वालों ने किया ऐसा हंगामा कि दुल्हन ने तोड़ दी शादी। जानिए क्या है पूरा मामला!

2 min read
May 27, 2026
दूल्हे ने की 5 लाख की डिमांड जमकर हुई मारपीट (फोटो- AI जनरेटेड)

Jhansi Marriage Assault News: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया जब जयमाला के तुरंत बाद दूल्हे वालों ने दहेज में 5 लाख रुपये की डिमांड कर दी। मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष के लोगों ने दुल्हन के पिता और भाइयों के साथ जमकर मारपीट की और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। इसके बाद शादी में आए मेहमानों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस पूरे हंगामे और मारपीट के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया और शादी तोड़ दी। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

‘बाथरूम में कैमरा लगाकर वीडियो बनाए’, गर्भवती पत्नी को पीटा’, पति की करतूत जानकर खड़े हो जाएंगे रोंगटे

जयमाला के बाद बिगड़ा माहौल

घटना झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मधुबन गार्डन में हुई। रविवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र से बारात धूमधाम से गार्डन पहुंची। शुरुआत में सब कुछ ठीक चल रहा था। बारात का भव्य स्वागत हुआ और जयमाला की रस्म भी शांति से पूरी हो गई। लेकिन आरोप है कि जयमाला खत्म होते ही दूल्हे के परिवार वालों ने लड़की पक्ष के सामने 5 से 7 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर दी। जब लड़की पक्ष ने इतनी बड़ी रकम देने में असहमती जताई तो माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया।

दुल्हन के पिता और भाइयों को पीटा

दुल्हन के जीजा जितेंद्र अहिरवार ने आरोप लगाया है कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब दूल्हे पक्ष के कुछ लोग गार्डन की छत पर जुआ खेल रहे थे। उन्हें रोकने पर वे लोग भड़क गए और परिवार को धमकाने लगे। किसी तरह जयमाला तो हो गई लेकिन इसके बाद पैसों की मांग शुरू हो गई। जब लड़की वालों ने पैसे देने से इनकार किया तो दूल्हे पक्ष के लोग हाथापाई पर उतर आए। आरोप है कि दुल्हन के पिता भाइयों और रिश्तेदारों को स्टेज के पीछे ले जाकर बुरी तरह पीटा गया। गार्डन में जमकर कुर्सियां चलीं और मेहमानों के बीच अफरातफरी मच गई। महिलाएं हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रहीं, लेकिन दबंगों ने किसी की नहीं सुनी।

दुल्हन का इनकार बिना फेरे लौटी बारात

मारपीट को देखकर दुल्हन पूरी तरह से सहम गई। उसने यह कहते हुए शादी से इनकार कर दिया कि जो परिवार शादी के दिन ही उसके पिता और भाइयों की इज्जत नहीं कर सकता वहां वह कभी सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती। दुल्हन के इस फैसले के बाद न तो सात फेरे हुए और न ही विदाई। अंत में देर रात दूल्हा पक्ष अपना सामान समेटकर बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया।

थाने जाने से रोकने का भी आरोप

दुल्हन पक्ष का कहना है कि जब वे इस घटना की शिकायत करने प्रेमनगर थाने जा रहे थे तब रास्ते में 50 से 100 लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। हालांकि, परिवार किसी तरह गलियों से छिपते हुए थाने पहुंचा। दुल्हन भावना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि शादी में उन्होंने एक कार, चार लाख रुपये नकद और कीमती सामान दिया था। इसके बावजूद दूल्हे का परिवार और पैसों का दबाव बना रहा था। लड़की पक्ष ने शादी में हुए करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की भरपाई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुल्हन की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें

पति गया था ड्यूटी…चार बेटियों को बिलखता छोड़ प्रेमी मोगली संग भागी मां, पति ने एसपी से लगाई गुहार
Also Read
View All