उत्तर प्रदेश में झांसी के नवाबाद में ऑर्केस्ट्रा डांसरों पर शराब पीकर हंगामा करने, पत्थरबाजी और एक महिला को सोशल मीडिया पर बदनाम कर 5 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। पीड़िता ने वीडियो साक्ष्यों के साथ पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
झांसी जिले के नवाबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने पड़ोस में रहने वाली ऑर्केस्ट्रा डांसरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी देर रात शराब पीकर हंगामा करते हैं। गाली-गलौज करते हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
शिवाजी नगर स्थित बीजीएन स्कूल के पास रहने वाली राधा यादव पत्नी कृष्ण यादव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में अपनी आपबीती सुनाई है। राधा के अनुसार, उनके पड़ोस में रहने वाली कुछ महिलाएं ऑर्केस्ट्रा में डांस का काम करती हैं। वे करीब 10-15 युवक-युवतियों के साथ मिलकर कॉलोनी का माहौल खराब कर रही हैं। ये लोग देर रात तक शराब के नशे में धुत होकर तेज आवाज में बुफर बजाते हैं और अश्लील हरकतें करते हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों का उत्पात यहीं नहीं थमता। शराब पीने के बाद ये लोग राधा यादव के घर के बाहर गाली-गलौज करते हैं और उनके मुख्य द्वार पर लात मारकर दरवाजा तोड़ने की कोशिश करते हैं। महिला का कहना है कि आरोपी उनके घर की ओर पत्थर भी फेंकते हैं जिससे उनका पूरा परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी कई बार पड़ोस के अन्य घरों में भी घुसकर हंगामा कर चुके हैं।
मामले में एक नया मोड़ तब आया जब पीड़िता ने डिजिटल प्रताड़ना का जिक्र किया। राधा यादव ने पुलिस को बताया कि आरोपी प्रज्ञा यादव उर्फ मोहिनी यादव अपनी इंस्टाग्राम आईडी से उन्हें आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेज रही है। इतना ही नहीं उनका मोबाइल नंबर व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल कर उन्हें बदनाम किया जा रहा है। आरोप है कि जब उन्होंने इन हरकतों को बंद करने को कहा तो आरोपियों ने मामला रफा-दफा करने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की।
राधा यादव का दावा है कि उन्होंने इस अराजकता के खिलाफ पहले भी पुलिस को सूचना दी थी लेकिन मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोपियों ने अपने ऊंचे रसूख और जान-पहचान का हवाला देते हुए पीड़िता को चुप रहने की धमकी दी है। फिलहाल पीड़िता ने साक्ष्यों के साथ पुलिस से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।