झुंझुनू

राजस्थान निकाय चुनाव: चिड़ावा में बुर्का-घूंघट हटवाकर फोटो लेने पर हंगामा, फर्जी वोटिंग के आरोप में महिला को थाने ले गई पुलिस

झुंझुनूं के चिड़ावा में वार्ड 18 के बूथ पर फर्जी मतदान की शिकायत को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस पूछताछ के बाद एक महिला को थाने ले गई। वहीं, वार्ड 15 में बुर्का-घूंघट हटाकर महिला मतदाताओं की फोटो लेने के आरोप पर विवाद हो गया।
2 min read
Sep 11, 2026
chirawa election burqa photo row fake voting
मतदान करने के लिए लाइन में लगी महिलाएं (पत्रिका फोटो)

Chirawa Election Burqa Photo Row Fake Voting: झुंझुनूं जिले के चिड़ावा नगर पालिका क्षेत्र में मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग की शिकायत और महिला मतदाताओं की फोटो खींचने को लेकर दो अलग-अलग जगहों पर हंगामा हुआ। स्टेशन के पास वार्ड 18 के मतदान केंद्र पर दोपहर करीब 12 बजे फर्जी मतदान की शिकायत को लेकर विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद एक महिला को थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, चिड़ावा के हॉट सीट माने जा रहे वार्ड 15 में महिलाओं के बुर्के और घूंघट हटाकर फोटो लेने के आरोप पर विवाद हो गया। वार्डवासियों ने प्रशासन की ओर से तैनात कैमरामैन की वीडियो-फोटोग्राफी पर आपत्ति जताई। लोगों का आरोप था कि कैमरामैन महिला मतदाताओं के बुर्के और घूंघट हटाकर उनकी तस्वीरें ले रहा था। इसे लेकर मौके पर लोगों ने विरोध किया और हंगामा शुरू हो गया।

पुलिस ने जब्त किया मेमोरी कार्ड

विवाद बढ़ने पर पुलिस ने कैमरामैन को मौके से अलग किया और उसका मेमोरी कार्ड अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रत्याशी शीशराम सैनी बिल्लू और सुरेश भूकर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर मामला शांत कराया। समझाइश के बाद कैमरामैन का मेमोरी कार्ड वापस दिलाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वार्ड 15 में कैमरामैन की फोटोग्राफी को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस और प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के इंतजाम किए गए हैं।

सिंघाना में भी फर्जी मतदान के आरोप पर हंगामा

सिंघाना नगर पालिका के वार्ड 5 और 6 के मतदान केंद्रों पर भी फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा हुआ। वार्ड 5 में फर्जी मतदान करने आए एक युवक को मौके पर पकड़ लिया गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर चली गई। निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने कार्रवाई का विरोध किया। सूचना मिलने पर सीआई सुगन सिंह के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

इस बीच चिड़ावा समेत झुंझुनूं जिले की 10 नगर पालिकाओं में मतदान जारी रहा। दोपहर 1 बजे तक बुहाना में सबसे ज्यादा 67.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि मंडावा में सबसे कम 51.11 प्रतिशत वोटिंग हुई। चिड़ावा में भी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

Updated on:
11 Sept 2026 02:53 pm
Published on:
11 Sept 2026 02:52 pm