झुंझुनू

राजस्थान में यहां हरियाणा बॉर्डर तक बनेगी फोरलेन सड़क और 42 ब्रिज, 5 बाईपास भी होंगे; 2203 करोड़ रुपए मंजूर

Rajasthan Four-lane Road: राजस्थान के झुंझुनूं से चिड़ावा-सिंघाना-पचेरी होते हुए हरियाणा की सीमा तक फोरलेन सड़क का निर्माण करवाया जाएगा।
2 min read
Dec 19, 2025
four-lane road
फोरलेन सड़क। पत्रिका फाइल फोटो

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं से चिड़ावा-सिंघाना-पचेरी होते हुए हरियाणा की सीमा तक फोरलेन सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 78.180 किमी फोरलेन सड़क (एनएच 11) निर्माण के लिए 2202.67 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है।

इस परियोजना में झुंझुनूं बीड़, बगड़, खुड़ाना, सिंघाना, पचेरी कलां आदि में 4 लेन बाईपास बनेंगे। चिड़ावा में पिलानी सड़क से लाखू तिराहा तथा लाखू तिराहा से ओजटू तिराहा तक 4 लेन रिंग रोड का निर्माण करवाया जाएगा। इस परियोजना में बाईपास सड़क की कुल लम्बाई 41.660 कि.मी. तथा एग्जिस्टिंग सड़क की कुल लम्बाई 36.520 किमी में 4 लेन सड़क बनाई जाएगी। खास बात यह है कि परियोजना में छोटे बड़े कुल 42 ब्रिज बनाए जाएंगे।

वर्तमान में क्या चल रहा

वर्तमान में भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई पक्रियाधीन है। अभी झुंझुनूं से मंडावा होते हुए फतेहपुर तक कार्य लगभग पूरा हो चुका है। कुछ कार्य झुंझुनूं शहर के आस-पास शेष है। जबकि झुंझुनूं से बगड़-चिड़ावा होते हुए पचेरी से आगे हरियाणा सीमा तक कार्य रुका हुआ है। पचेरी से आगे हरियाणा में अधिकतर कार्य पूरा हो चुका। इस मार्ग के पूरा होने के बाद नारनौल होते हुए पनियाला मोड़ तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।

पत्रिका का अभियान रंग लाया

कई साल से बंद इस कार्य को शुरू करवाने के लिए राजस्थान पत्रिका ने शुरू करो राजमार्ग का कार्य शीर्षक से समाचार अभियान चलाया था। सरकार के मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों से सवाल उठाए। इसके बाद यह राशि मंजूर हुई है। इस मार्ग के पूरा बनने के बाद दिल्ली से झुंझुनूं होते हुए बीकानेर तक की राह आसान हो जाएगी।

विकास को मिलेगी नई दिशा और गति

इस फोरलेन हाईवे के निर्माण से द्रुत एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा एवं गति मिलेगी। औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे।
-दिया कुमारी, उप मुख्यमंत्री

विकास को लगेंगे पंख

फोरलेन सड़क निर्माण के लिए 2202.67 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। इससे जिले के विकास को पंख लगेंगे। जिले के किसान आसानी से अपने उत्पाद गुरुग्राम व दिल्ली तक ले जा सकेंगे। दिल्ली जाना आसान होगा।
-राजेन्द्र भाम्बू, विधायक , झुंझुनूं

Updated on:
19 Dec 2025 03:00 pm
Published on:
19 Dec 2025 01:19 pm
Also Read
View All