झुंझुनू

झुंझुनूं: मलसीसर पालिका में बड़ा उलटफेर! 10-10 वोट से बराबरी के बाद पर्ची से तय हुआ अध्यक्ष का नाम

Malsisar Nagar Palika Election 2026 : झुंझुनूं के मलसीसर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक हलचल पर भी परिणाम के साथ विराम लग गया। चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला बराबरी पर अटक गया। 20 पार्षदों ने मतदान किया, जिसमें कांग्रेस और भाजपा को 10-10 वोट मिले।
2 min read
Sep 21, 2026
Malsisar Nagar Palika Election 2026 (1)
मलसीसर से भाजपा के पवन कुमार (फोटो-पत्रिका)

Malsisar Nagar Palika Election 2026 : झुंझुनूं। मलसीसर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक हलचल पर भी परिणाम के साथ विराम लग गया। चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला बराबरी पर अटक गया। 20 पार्षदों ने मतदान किया, जिसमें कांग्रेस और भाजपा को 10-10 वोट मिले। इसके बाद अध्यक्ष पद का फैसला पर्ची डालकर किया गया। पर्ची के जरिए हुए चुनाव में पवन कुमार के नाम पर फैसला हुआ और वे मलसीसर नगर पालिका के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

20 पार्षदों का सदन, 11 का बहुमत

मलसीसर नगरपालिका में कुल 20 वार्ड हैं। चुनाव से पहले यहां कांग्रेस के 10, भाजपा के 7 और 3 निर्दलीय पार्षद थे। अध्यक्ष बनाने के लिए 11 पार्षदों के समर्थन की जरूरत थी। ऐसे में तीन निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम मानी जा रही थी। कांग्रेस अपने 10 पार्षदों के साथ बहुमत से केवल एक कदम दूर थी, जबकि भाजपा को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए चार पार्षदों के समर्थन की जरूरत थी। दोनों दलों की नजर निर्दलीय पार्षदों पर थी।

10-10 वोट मिलने के बाद पर्ची से फैसला

मतदान के दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों को 10-10 मत मिले। बराबरी की स्थिति बनने के बाद अध्यक्ष पद के लिए पर्ची डालकर चुनाव कराया गया। इसमें पवन कुमार के नाम की पर्ची निकलने के बाद उन्हें अध्यक्ष घोषित किया गया।

उपखंड कार्यालय परिसर में हुआ मतदान

अध्यक्ष पद के लिए मतदान उपखंड कार्यालय परिसर में कराया गया। चुनाव प्रक्रिया एसडीएम मोनिका जाखड़ की देखरेख में संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से मतदान और मतगणना को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। अब अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद शहरवासियों की नजर नई नगरपालिका बोर्ड की कार्यप्रणाली पर है। पेयजल, सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर लोगों को नए बोर्ड से उम्मीदें हैं।

Updated on:
21 Sept 2026 12:09 pm
Published on:
21 Sept 2026 11:57 am