झुंझुनू

Karwa Chauth 2026: चारपाई पर पति, 3 बच्चों की जिम्मेदारी और आर्थिक तंगी के बीच 8 साल से सेवा में जुटी है पत्नी

करवा चौथ विशेष: एक दिन का व्रत नहीं, हर दिन पति की सलामती का संकल्प निभा रही राजस्थान के झुंझुनूं जिले की सरिता-
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 12:04 PM IST
karwa chauth sarita
पचलंगी . बाघोली रामनगर में पति की सेवा करती सरिता सैनी। Photo- Patrika

Jhunjhunu News: पचलंगी। करवा चौथ पर सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, लेकिन बाघोली के रामनगर की सरिता सैनी की कहानी इस पर्व के मायने कुछ अलग ही बयां करती है। सरिता पिछले करीब आठ साल से अपने पति रतनलाल की सेवा कर उनकी जिंदगी बचाए रखने के लिए संघर्ष कर रही हैं। उनके लिए पति की लंबी उम्र की कामना केवल एक दिन का व्रत नहीं, बल्कि हर दिन निभाया जाने वाला संकल्प है।

सरिता ने बताया कि 26 नवंबर 2010 को उनका विवाह रामनगर निवासी रतनलाल सैनी से हुआ था। परिवार खुशहाल जीवन जी रहा था। रतनलाल एलएनटी में चालक थे, लेकिन 26 अक्टूबर 2018 को हुए सड़क हादसे ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद से रतनलाल चारपाई पर हैं। सरिता ने जमा पूंजी खर्च कर और कर्ज लेकर निजी व सरकारी अस्पतालों में उनका उपचार करवाया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

सेवा के साथ तीन बच्चों की चिंता

सरिता के दो बेटे और एक बेटी पढ़ाई कर रहे हैं। पति की देखभाल में सुबह से शाम तक समय बीत जाता है। ऐसे में परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करना भी बड़ी चुनौती है। बूढ़े ससुर बंशीधर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा बने हुए हैं, जबकि ग्रामीण भी यथासंभव मदद कर रहे हैं।

सरकारी सहायता की आस

परिवार को बीपीएल सूची में शामिल होने और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जरूरत है। सरिता के अनुसार, मनरेगा में मजदूरी का अवसर भी समय पर नहीं मिल पाता। ऐसे में परिवार को सरकारी सहायता का इंतजार है।

सरिता का संदेश

दुख की घड़ी में जीवनसाथी का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। परिस्थितियां कैसी भी हों, पति-पत्नी को एक-दूसरे का सहारा बनकर रहना चाहिए।

झुंझुनूं अंचल में करवा चौथ व्रत को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। व्रत से पहले महिलाओं ने बाजार में पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर रौनक रही। वहीं ब्यूटी पार्लर पहुंचकर शृंगार किया तथा दोनों हाथों में मेहंदी लगावाई। शहर में ब्यूटी पार्लर तथा मेहंदी आर्टिस्टट के पास महिलाओं की भीड़ रही।

Updated on:
29 Oct 2026, 12:04 PM IST
Published on: