
झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में पुरानी तहसील रोड स्थित 'जमजम कलेक्शन' के ट्रायल रूम में एक महिला का वीडियो बनाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में आज हिंदूवादी, व्यापारिक और राजनीतिक संगठनों (भाजपा, भाजयुमो आदि) के संयुक्त आह्वान पर चिड़ावा शहर पूरी तरह बंद है।
बता दें कि सुबह से ही शहर में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। पिलानी रोड, खेतड़ी रोड, पुरानी तहसील रोड, मुख्य बाजार, विवेकानंद चौक, गौशाला रोड, झुंझुनूं रोड, स्टेशन रोड और सूरजगढ़ रोड सहित सभी प्रमुख इलाकों में सन्नाटा पसरा है। व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे हैं। हालांकि, आमजन की सहूलियत के लिए दूध डेयरी और कुछ आवश्यक सेवाओं को इस बंद से मुक्त रखा गया है।
दोपहर में विवेकानंद चौक पर सभी संगठनों की एक विशाल सामूहिक सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श होगा। संगठन के पदाधिकारी दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता कर सकते हैं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी विकास धीन्धवाल के निर्देश पर शहर के कोने-कोने में भारी पुलिस बल और ट्रैफिक के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस की टीमें बाइकों और पीसीआर वाहनों से लगातार गश्त कर रही हैं। फिलहाल, शहर में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
शेखावाटी अंचल के चिड़ावा शहर में महिलाओं की सुरक्षा और निजता को तार-तार करने वाला यह बेहद गंभीर मामला है। शहर की व्यस्त रहने वाली पुरानी तहसील रोड स्थित 'जमजम कलेक्शन' रेडीमेड शोरूम के ट्रायल रूम (चेंजिंग रूम) में एक महिला का छिपकर वीडियो बनाने का गंदा खेल चल रहा था, जिसका पीड़िता की सूझबूझ से पर्दाफाश हो गया।
इस घटना के बाद पूरे शहर में सांप्रदायिक और सामाजिक तनाव का माहौल बन गया था, जिसके विरोध में हिंदूवादी, व्यापारिक और राजनीतिक संगठनों ने चिड़ावा को पूरी तरह बंद रखकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
यह पूरा घटनाक्रम शनिवार का है। बुहाना थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अपने पति के साथ इस शोरूम में कपड़ों की खरीदारी करने आई थी। कपड़े पसंद करने के बाद वह उनकी फिटिंग चेक करने के लिए अस्थाई चेंजिंग रूम में गई।
कपड़े बदलने के दौरान महिला की नजर अचानक छत और दीवार के जोड़ पर बने एक छोटे और संदिग्ध छेद पर पड़ी।
महिला को तुरंत किसी अनहोनी का शक हुआ। उसने बिना घबराए तुरंत बाहर आकर अपने पति को इसकी जानकारी दी।
जब दोनों ने बारीकी से उस गुप्त छेद की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। छेद के ठीक पीछे एक टचस्क्रीन स्मार्टफोन चालू हालत में रखा हुआ था, जिसका कैमरा सीधे चेंजिंग रूम के भीतर फोकस था और वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही थी।
पीड़ित दंपती ने जब शोरूम स्टॉफ से इस पर जवाब मांगा, तो कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इसके बाद वे सीधे चिड़ावा पुलिस थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया।
हेड कांस्टेबल जगदीप सिंह की टीम ने मौके पर पहुंचकर चेंजिंग रूम के ऊपर छिपाकर रखा गया मोबाइल जब्त किया और दुकान में मौजूद संदिग्ध युवक शाहरुख को तुरंत हिरासत में ले लिया।
घटना की खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही भाजपा नगर मंडल, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और व्यापारिक संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता शोरूम के बाहर जमा हो गए और सड़क पर दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। भारी आक्रोश और कानून व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने शोरूम के मुख्य शटर को नीचे गिराकर उस पर आधिकारिक रूप से ताला जड़ दिया।
मामले की गंभीरता और सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी विकास धीन्धवाल के निर्देश पर चिड़ावा, पिलानी, सूरजगढ़ और सुल्ताना सहित 4 थानों की पुलिस और अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शाहरुख का मोबाइल फोन लॉक कर वैज्ञानिक जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी ने पहले भी कई महिला ग्राहकों के गोपनीय वीडियो बनाए होंगे।
आरोपी के फोन से डिलीट किए गए डेटा, गैलरी फाइल्स और क्लाउड स्टोरेज की रिकवरी के लिए झुंझुनूं मुख्यालय से विशेष साइबर एक्सपर्ट और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की मदद ली जा रही है। डेटा रिकवरी में अन्य वीडियो मिलने पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की कड़ी और गैर-जमानती धाराएं जोड़ी जाएंगी।