Jhunjhunu Road Accident: राजस्थान में झुंझुनूं में हुए भीषण सड़क हादसे में 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, एक युवक बुरी तरह घायल हो गया।
झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं में हुए भीषण सड़क हादसे में 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। जिसका जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार जारी है। हादसा उस वक्त हुआ जब ये जागरण कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, हादसे में घायल जितेंद्र वालिया को एंबुलेंस की मदद से बीडीके अस्पताल भिजवाया। जहां से गंभीर हालत में उसे जयपुर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसा धनूरी थाना क्षेत्र में झुंझुनूं-मंड्रेला रोड पर देर रात करीब 1 बजे हुआ। झुंझुनूं के रहने वाले सुनील शुक्ला, गौरव सैनी, विजय ढंड और जितेंद्र वालिया शनिवार शाम को सोनासर स्थित हीरा की ढाणी में जागरण में गए थे। कार्यक्रम के बाद चारों युवक कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी झुंझुूनूं शहर से 5 किलोमीटर पहले कार अनियंत्रित हो गई और खेत में जाकर पलट गई।
हादसा इतना जबर्दस्त था कि सुनील, गौरव और विजय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार तेज रफ्तार में थी। तभी अचानक सड़क पर आवारा पशु आया गया। ऐसे में कार चालक नियंत्रण खो बैठा और भीषण सड़क हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनकर आंख खुल गई। जब मौके पर जाकर देखा तो कार खेत में पड़ी थी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो चुकी थी और एक गंभीर हालत में था। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक का शव खेत के दूसरे छोर पर जाकर गिरा। जिसे करीब एक घंटे तक पुलिसकर्मी ढूंढते रहे, तब जाकर शव मिला।