जोधपुर

सोने की तलवार और कटार…राजस्थान में चोरों के हाथ लगा ‘खजाना’, हवेली से उड़ाया 1 किलो सोना-100 किलो चांदी, इलाके में सनसनी

खीचन गांव में एक हवेली में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर करीब एक किलो सोना और लगभग सौ किलो चांदी के कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

2 min read
Mar 05, 2026
Phalodi theft case, Khichan village burglary, Rajasthan haveli robbery, 1 kg gold stolen, 100 kg silver stolen, gold sword stolen, silver coins theft, major burglary Rajasthan, FSL team investigation Jodhpur, fingerprint evidence collected, Phalodi police investigation, heritage haveli crime, valuables चोरी case, Rajasthan crime news, house break-in India
हवेली में चोरी के बाद मौका मुआयना करते हुए पुलिस अधिकारी। फोटो- पत्रिका

फलोदी। फलोदी थाना क्षेत्र के खीचन गांव स्थित एक हवेली में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर हवेली से करीब एक किलो सोना और लगभग सौ किलो चांदी के कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही वृताधिकारी अचलसिंह देवड़ा और फलोदी थानाधिकारी भंवराराम जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट, पदचिह्न सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। हवेली मालिक के भतीजे वैभव गुलेच्छा ने फलोदी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

सोने की तलवार और कटार भी ले गए चोर

रिपोर्ट में वैभव गुलेच्छा ने बताया कि उनकी बड़ी मम्मी निर्मला देवी गुलेच्छा गुरुदेव महाराज के यहां गई थीं। गुरुवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे जब वह वापस लौटीं और दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचीं तो कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। घर के ऊपर लगे जंगले का ताला भी टूटा हुआ था।

कमरों में रखी अलमारियों और संदूकों के ताले तोड़कर चोरों ने सोने की तलवार, दो सोने की कटार, दो सोने के कड़े, करीब दस अंगूठियां, पांच बालियां, दो सेट सोने के बटन और आठ सोने की चूड़ियां सहित करीब एक किलो सोने के आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा चोर चांदी की करीब 10 किलो की पेटी, स्टैंड सहित चार चांदी के गिलास, सौ चांदी के सिक्के, चांदी के खिलौने, छह चांदी के लोटे, एक बड़ी चांदी की थाली और अन्य सामान सहित करीब 100 किलो चांदी भी ले गए।

पहले भी हो चुकी हैं चोरी की वारदातें

वैभव गुलेच्छा ने रिपोर्ट में बताया कि इससे पहले भी आसपास की हवेलियों और मकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। वहीं इस बड़ी चोरी से इलाके में सनसनी मच गई है।

हवेली मालिक बाहर गया हुआ था

गौरतलब है कि जिस हवेली में चोरी हुई, उसका मालिक कुछ दिन पहले किसी काम से चेन्नई गया हुआ था। घर पर उसकी मां अकेली थीं। बुधवार शाम वह हवेली को ताला लगाकर गुरुदेव महाराज के यहां गई थीं। इसी दौरान चोरों ने जंगला तोड़कर हवेली में घुसकर वारदात को अंजाम दे दिया।

Published on:
05 Mar 2026 07:50 pm