जोधपुर

मिर्धा परिवार में विवाद : पूर्व सांसद के फार्म हाउस में कब्जे का प्रयास और तोड़फोड़, मनीष मिर्धा के खिलाफ FIR

सूंथला स्थित मिर्धा फार्म हाउस को लेकर परिवार में फिर विवाद छिड़ गया। कब्जे और तोड़-फोड़ के आरोपों के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
2 min read
Jan 15, 2026
Former MP Dr. Jyoti Mirdha, Manish Mirdha, Mirdha Farm House, Mirdha Farm House in Jodhpur, Mirdha Farm House occupied, Mirdha Farm House vandalized, Jodhpur News, Rajasthan News, पूर्व सांसद डॉ. ज्योति मिर्धा, मनीष मिर्धा, मिर्धा फार्म हाउस, मिर्धा फार्म हाउस इन जोधपुर, मिर्धा फार्म हाउस पर कब्जा, मिर्धा फार्म हाउस में तोड़फोड़, जोधपुर न्यूज, राजस्थान न्यूज
फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के सूंथला स्थित मिर्धा फार्म हाउस को लेकर एक बार फिर मिर्धा परिवार में विवाद गहरा गया है। नागौर की पूर्व सांसद डॉ. ज्योति मिर्धा के प्रतिनिधि ने दिवंगत पूर्व सांसद भानुप्रकाश के पुत्र और चचेरे भाई मनीष पर फार्म हाउस में जबरन घुसकर कब्जा करने और तोड़-फोड़ करने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार जयपुर के बिंदायका निवासी प्रेमप्रकाश जाट ने डॉ. ज्योति मिर्धा के प्रतिनिधि के रूप में मनीष पुत्र भानुप्रकाश मिर्धा और 10-12 अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सूंथला में पांच खसरों में डॉ. ज्योति मिर्धा और स्वेता पुत्री रामप्रकाश मिर्धा का फार्म हाउस बना हुआ है, जिसकी देखरेख का जिम्मा प्रेमप्रकाश के पास है।

जबरन घुसने का आरोप

गत 13 जनवरी को मनीष व 10-12 लोग जबरन फार्म हाउस में घुसे और केयरटेकर को बाहर निकलने की धमकी देने लगे। आरोप है कि उन्होंने फार्म हाउस की चाबियां ले लीं और वहां बने समाधि स्थल में छेड़छाड़ व तोड़फोड़ की। केयरटेकर सलीम ने घटना का वीडियो बनाकर प्रेमप्रकाश को भेजा। इसके बाद वे जयपुर से जोधपुर आए और प्रतापनगर थाने में एफआइआर दर्ज कराई।

समाधि स्थल पर पुलिस तैनात

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मनीष ने 14 जनवरी को भी अंदर घुसकर कब्जे का प्रयास तथा तोड़फोड़ की। इस संबंध में पुलिस को वीडियो उपलब्ध कराए गए हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि मनीष ने समाधि के लिए चबूतरा बनाने का प्रयास किया। विवाद की स्थिति को देखते हुए समाधि स्थल पर पुलिस तैनात की गई है।

समाधि स्थल को लेकर है दोनों पक्षों में विवाद

मिर्धा फार्म हाउस में समाधि स्थल बना हुआ है, जहां नाथूराम मिर्धा और उनकी मां की समाधियां स्थित हैं। मनीष के बड़े भाई रवि की समाधि भी यहीं बनाई गई थी। अब मनीष अपने पिता भानुप्रकाश की समाधि भी यहीं बनवा रहे हैं, जिस पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई है और विरोध किया जा रहा है।

राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी :
https://bit.ly/4bg81fl

Updated on:
15 Jan 2026 08:57 pm
Published on:
15 Jan 2026 08:54 pm