जोधपुर

लोग बोले चुनाव के बाद भी चले कैम्पेन, ताकि देश व समाज सुरक्षित रहे

-फेक न्यूज पर जागरूकता और वोट का संकल्प
less than 1 minute read
Nov 21, 2018
Campaigns followed after elections, so that the society are safe
लोग बोले चुनाव के बाद भी चले कैम्पेन, ताकि देश व समाज सुरक्षित रहे

ओसियां/जोधपुर.

राजस्थान पत्रिका और फेसबुक की साझा मेजबानी में चलाए जा रहे 'शुद्ध का युद्धÓ अभियान के तहत बुधवार को फेक न्यूज पर जागरूकता और वोट संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए।

ओसियां कस्बे में ओसियां विधानसभा क्षेत्र की जन एजेंडा बैठक में प्रबुद्धजन, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और जोधपुर शहर के माणक चौक में नुक्कड़ नाटक के दौरान आमजन व देशी-विदेशी सैलानियों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली हर खबर को पड़ताल करने के बाद ही आगे बढ़ाने का संकल्प किया। ओसियां स्थित साफ्टेक एजुकेशन सोसायटी कैम्पस में क्षेत्र के प्रबुद्धजन ने अभियान को सार्थक बताते हुए कहा कि समाज को संभावित नुकसान से बचाने के लिए ऐसा कैम्पेन चुनाव के बाद भी सतत चलना चाहिए। क्योंकि आज के समय सोशल साइट्स पर भ्रामक खबरों व संदेशों से समाज व लोकतंत्र को बड़ा नुकसान हो रहा है। सभी ने संकल्प किया कि ऐसे संदेशों की जांच किए बिना आगे नहीं बढ़ाएंगे।

आम जनता और सैलानियों ने समझी वोट की ताकत

जोधपुर शहर के माणक चौक-मकराना मोहल्ले में वोट करो 'वोट करो-वोट करो' नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के दौरान एक फ्लैक्स के प्रयोग के माध्यम से मतदान दिवस को मतदान करने के बारे में समझाया गया। नुक्कड़ पर खड़े लोगों के अलावा घरों, गेस्ट हाउस की छतों और बालकनियों से भी नाटक का आनंद लिया। नाटक का आनंद लेने वालों में देसी विदेशी पर्यटक भी शामिल थे। नाटक के प्रस्तोता अमित व्यास की टीम ने इस रोचक व मनोरंजक नाटक के माध्यम से जनता को फाल्स न्यूज के खिलाफ जागरुक किया। अंत में मतदाताओं को स्वच्छ छवि वाला उम्मीदवार चुनने और मतदान करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही मतदाता जागरूकता और फेक न्यूज के खिलाफ सजग रहने के पेम्पलेट वितरित किए गए।

Published on:
21 Nov 2018 10:50 pm