जोधपुर

Lovely kandara Encounter: जोधपुर के कुख्यात गैंगस्टर लवली कंडारा के एनकाउंटर मामले में आया बड़ा अपडेट

Lovely kandara: जोधपुर के बहुचर्चित लवली कण्डारा एनकाउंटर मामले में सीबीआई ने अदालत में क्लोजर रिपोर्ट पेश कर दी है। रिपोर्ट पर असहमति जताते हुए मृतक पक्ष ने इसे चुनौती देने की तैयारी शुरू कर दी है।

2 min read
Apr 30, 2026
Lovely kandara Encounter
फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। बहुचर्चित लवली कण्डारा एनकाउंटर प्रकरण में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई प्रकरण) जोधपुर महानगर की अदालत में अपनी क्लोजर रिपोर्ट पेश कर दी। करीब पांच वर्ष पुराने इस मामले में रिपोर्ट पेश होने के बाद अब आगे की न्यायिक प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।

सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर असहमति

सीबीआई के अनुसंधान अधिकारी डीएसपी शैलेन्द्र सिंह मायल स्वयं न्यायालय में उपस्थित हुए और विशिष्ट लोक अभियोजक भगवान सिंह भंवरिया के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान मृतक लवली कण्डारा के पिता नरेश कण्डारा भी अपने अधिवक्ता अशोक जोशी के साथ कोर्ट पहुंचे। उन्होंने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर असहमति जताते हुए इसे चुनौती देने का निर्णय लिया। परिवादी पक्ष ने अदालत से प्रोटेस्ट याचिका प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा।

मामले की सुनवाई कर रहे अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभव तिवारी ने परिवादी पक्ष की मांग स्वीकार करते हुए उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए समय प्रदान किया। अब अगली सुनवाई में परिवादी क्लोजर रिपोर्ट के विरोध में विस्तृत आपत्ति पेश करेगा, जिसके बाद अदालत आगे की कार्रवाई तय करेगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के चलते सीबीआई अपनी क्लोजर रिपोर्ट अदालत में पेश नहीं कर पाई थी। उच्च न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद अब यह रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है, जिससे मामले में नियमित सुनवाई शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

यह था मामला

13 अक्टूबर 2021 को रातानाडा थाने के तत्कालीन थानाधिकारी लीलाराम को सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर लवली कंडारा हाईकोर्ट कॉलोनी के पास एक एसयूवी में अपने साथियों के साथ घूम रहा है। सूचना पर लीलाराम एडीसीपी के गनमैन से पिस्टल लेकर तीन कांस्टेबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर लवली अपनी एसयूवी लेकर भागने लगा।

इंजीनियरिंग कॉलेज के पास ग्रीन गेट पर उसकी गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई। इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की और जयपुर रोड की ओर भागा। रास्ते में उसकी गाड़ी ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। सारण नगर-डिगाड़ी के बीच पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। लवली ने पुलिस पर गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में लीलाराम ने फायरिंग की। इस दौरान लवली को सीने, पेट और हाथ में गोलियां लगीं। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। लवली कंडारा नागौरी गेट थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 11 गंभीर मामले दर्ज थे।

Updated on:
30 Apr 2026 09:39 pm
Published on:
30 Apr 2026 09:29 pm