जोधपुर

Rajasthan: हेलीकॉप्टर से दुल्हनिया को लेकर गांव पहुंचा राजस्थानी दुल्हा, आसमान से बरसाए फूल, लोगों को भीड़ हुई जमा

Unique wedding: जोधपुर के नंदवान गांव में एक शादी उस समय खास बन गई जब दुल्हा अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचा। आसमान से फूलों की वर्षा और हेलीकॉप्टर की एंट्री देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
less than 1 minute read
Mar 12, 2026
unique wedding, unique wedding in Jodhpur, unique wedding in Rajasthan, bride in helicopter, bride in helicopter in Jodhpur, bride in helicopter in Rajasthan
हेलीकॉप्टर के साथ खड़े दूल्हा दुल्हन। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। जिले के लूणी विधानसभा क्षेत्र के नंदवान गांव में गुरुवार को एक अनोखी और यादगार शादी देखने को मिली। यहां दुल्हा अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचा। यह नजारा देखकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और हर कोई इस अनोखे पल को अपने मोबाइल में कैद करता नजर आया।

शादी को बयाना यादगार

समाजसेवी सुमेर बेनीवाल ने बताया कि रमेश बेनीवाल ने अपने बेटे अभिषेक बेनीवाल की शादी को खास और यादगार बनाने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की थी। परिवार के अनुसार अभिषेक बेनीवाल का सपना था कि वह अपनी दुल्हन को लेकर आसमान से अपने गांव पहुंचे। गुरुवार को उसका यह सपना साकार हो गया, जब वह दुल्हन को लेकर हेलीकॉप्टर से नंदवान गांव पहुंचा।

उत्साह की लहर

बताया गया कि हेलीकॉप्टर ने जोधपुर से उड़ान भरी। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर गांव के प्रमुख धार्मिक स्थलों के ऊपर से चक्कर लगाते हुए आगे बढ़ा। जैसे ही हेलीकॉप्टर नंदवान गांव की सीमा में पहुंचा, आसमान से फूलों की वर्षा शुरू कर दी गई। आसमान से बरसते फूलों का दृश्य देखकर ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

गर्मजोशी से स्वागत

हेलीकॉप्टर से फूल बरसते देख गांव के लोग अपने घरों की छतों और गलियों में निकल आए और इस अनोखे दृश्य को देखने लगे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इस पल को देखने के लिए उत्सुक नजर आए। कई लोगों ने इस खास मौके की फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद किए। जैसे ही हेलीकॉप्टर नंदवान गांव के मैदान में उतरा, वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने नवदंपती का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अनोखी एंट्री ने शादी समारोह को और भी खास बना दिया।

Published on:
12 Mar 2026 08:10 pm