जोधपुर

Rajasthan: राजस्थान में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, घर के पीछे बन रही थीं बंदूकें, भारी जखीरा बरामद

Illegal Arms Factory: बाप क्षेत्र में पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपी के घर के पीछे छपरे में बंदूकें और कट्टे तैयार किए जा रहे थे

2 min read
Apr 26, 2026
illegal arms factory Rajasthan, Phalodi police raid, Bap arms factory busted, illegal weapons manufacturing India, desi katta gun factory, Rajasthan crime news, police DST action Phalodi, illegal gun seizure Rajasthan, arms act case Rajasthan, Phalodi latest crime news
जप्त माल के साथ पुलिस। फोटो- पत्रिका

बाप (फलोदी)। पुलिस और फलोदी डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में बाप क्षेत्र में देसी हथियारों के निर्माण की अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान पांच टोपीदार (एकनाली) बंदूक, एक देसी कट्टा, अर्द्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के दर्जनों औजार तथा भारी मात्रा में कल-पुर्जे और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर में बना रखी थी फैक्ट्री

पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि जिला स्पेशल टीम फलोदी को सूचना मिली थी कि बाप थाना क्षेत्र के चूहड़ों की बस्ती, भड़ला निवासी मौलाबख्श पुत्र मलूक खां अपने घर पर अवैध हथियार बनाने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और डीएसटी टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के घर के पीछे बने कच्चे छपरे में अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री संचालित होती पाई गई।

अर्द्धनिर्मित हथियार भी बरामद

इसके अलावा घर के अंदर से बिक्री के लिए तैयार पांच टोपीदार बंदूकें, एक देसी कट्टा और कुछ अर्द्धनिर्मित हथियार भी बरामद किए गए। मौके से भारी मात्रा में बंदूक की नालें, विभिन्न कल-पुर्जे, औजार और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर आरोपी मौलाबख्श के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी रमेश ढाका, एएसआई प्रदीप (डीएसटी प्रभारी), एएसआई पूनाराम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से हथियार बनाकर बेचने के काम में लगा हुआ था।

पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला

इसी दिन पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई भी की। डीएसटी की सूचना पर बाप पुलिस ने आरोपी शकूर खां पुत्र फते खां, निवासी फते खां की ढाणी भड़ला के कब्जे से एक टोपीदार बंदूक, पांच छर्रे और पांच टोपी सीसा बरामद किया। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शकूर खां का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और चोरी के दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Published on:
26 Apr 2026 06:32 pm