जोधपुर

Jodhpur: दो बहनों की आत्महत्या के बाद उड़ी पुलिस की नींद, जोधपुर गैंगरेप केस में 2 आरोपी गिरफ्तार

Jodhpur Gang Rape Case: गैंगरेप मामले में कार्रवाई नहीं होने से परेशान पीड़िता ने पानी की टंकी पर चढ़कर कीटनाशक खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अन्य से पूछताछ शुरू की गई है।
2 min read
May 18, 2026
Jodhpur gang rape case
फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। गैंगरेप पीड़िता के आत्महत्या करने के बाद पुलिस की नींद उड़ी हुई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य नामजद आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जोधपुर ग्रामीण एएसपी भोपालसिंह लखावत ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा कुछ अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है। गौरतलब है कि एक महिला ने शुक्रवार को जोधपुर ग्रामीण इलाके में पानी की टंकी पर चढ़कर कीटनाशक खा लिया था। इससे अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

यह वीडियो भी देखें

मृतका ने 34 दिन पहले आठ नामजद लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया था। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर महिला ने पानी की टंकी पर चढ़कर पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताया था। इसके बाद उसने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की बड़ी बहन ने भी करीब दो माह पहले आत्महत्या कर ली थी। इन्हीं आरोपियों पर दोनों बहनों के शोषण का आरोप है। इधर, शनिवार रात जिला कलक्टर की अनुमति के बाद मृतका के शव का देर रात पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अधिकांश आरोपी आसपास के

दोनों महिलाओं से गैंगरेप के मामले में नामजद एक आरोपी ई-मित्र चलाता है। अन्य आरोपी भी आसपास ही रहते हैं। इसके बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज होने के 34 दिन बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद रहे और वे पीड़िता को धमकाते रहे। मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। उच्चाधिकारियों से लेकर थानाधिकारी तक शिकायत करने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। पीड़िता और उसके भाई ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का भी आरोप लगाया है।

सीएम और डीजी से कार्रवाई की मांग

इस मामले में कई पुलिस अधिकारी सवालों के घेरे में हैं। गैंगरेप मामले की जांच में ढिलाई बरतने और आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने को लेकर जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठी है। पीड़ित पक्ष ने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की मौत के बाद दो दिन तक एमडीएम की मोर्चरी के बाहर परिजनों और सर्वसमाज के लोगों ने धरना दिया। दो दिन तक चले धरने के बाद उच्चाधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।

Updated on:
26 May 2026 12:07 pm
Published on:
18 May 2026 02:18 pm