जोधपुर

Jodhpur Gangrape Case: संगीता बेनीवाल करेंगी पीड़िता से मुलाकात, जेएनवीयू के मैदान में हुई थी दरिंदगी

जोधपुर। राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल मंगलवार को जोधपुर पहुंची।
2 min read
Jul 18, 2023
sangeeta_beniwal.jpg

जोधपुर। राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल मंगलवार को जोधपुर पहुंची। वे यहां जेएनवीयू पुराना परिसर के हॉकी मैदान की गैंगरेप पीड़िता से मुलाकात करेंगी। आयोग अध्यक्ष बेनीवाल ने सोमवार को पीड़ित बालिका से वीडियो कॉल पर बात कर कुशलक्षेम पूछी। पीड़िता को ढांढ़स बंधाते हुए पूर्ण विश्वास दिलाया कि बाल आयोग व राज्य सरकार सदैव उनके साथ है। उन्होंने बताया कि बालिका की हरसंभव मदद की जाएगी और अपराधियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। वहीं जोधपुर में एक प्रेसवार्ता में संगीता बेनीवाल ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जल्द ही एसओपी बनाई जाएगी और जो शिक्षण संस्थान उसे लागू नहीं करेंगे उनका लाइसेंस रद्द किया जाएगा। जल्द ही 28-29 जुलाई को आबूरोड में देशभर के बाल आयोग अध्यक्ष और आईएएस अधिकारियों के एक बैठक भी रखी गई है।

वहीं जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के पुराना परिसर स्थित हॉकी मैदान में रविवार अलसुबह एक नाबालिग के साथ गैंगरेप की घटना के बाद सोमवार को छात्र छात्राओं के साथ आमजन में भी रोष दिखाई दिया। जेएनवीयू के केंद्रीय कार्यालय, पुराना परिसर, पुलिस कमिश्नर कार्यालय व कलक्ट्रेट के बाहर छात्र छात्राओं सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने के लिए ज्ञापन सौंपे।

जेएनवीयू पुराना परिसर के बाहर एक ओर छात्रनेता चिराग भाटी, लोकेन्द्र सिंह, जीवनसिंह सहित अन्य छात्रों ने प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी ओर छात्रनेता हनुमान तरड़, महेंद्र चौधरी, पोकर सहित छात्रों ने गैंगरेप का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों गुटों के बीच तनातनी बनी रही। पुलिस ने बार बार समझाइश करके छात्रों को शांत करने का प्रयास किया। छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कुलसचिव गोमती शर्मा व चीफ प्रोक्टर केआर पटेल ने मौके पर पहुंचकर छात्रों की विवि के सभी परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत करवाने सहित अन्य मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।


पथराव करने पर पुलिस ने खदेड़ा

पुराना परिसर के बाहर धरना देकर बैठे छात्रों से पुलिस ने समझाइश करने का कई बार प्रयास किया। लेकिन छात्रों ने कैंपस में जाकर पथराव करना शुरू कर दिया। ऐसे में पुलिस ने छात्रों को खदेड़ा और डंडे बरसाए। वहीं छात्रनेता हनुमान तरड़, महेंद्र चौधरी व पोकर को गिरफ्तार करके ले गई। केंद्रीय कार्यालय के बाहर पुलिस की ओर से बेरिकेड्स लगाकर मुख्य गेट बंद किया गया। ऐसे में छात्राओं ने अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की ओर से अंदर नहीं जाने देने पर छात्राओं का गुस्सा फुट पड़ा। केएन कॉलेज की पूर्व महासचिव नीलू पटेल बेरिकेड्स फांदकर मुख्य गेट पर चढ़ गई। वहीं छात्रा प्रतिनिधि ज्ञानुदया चौधरी, रितिका चौधरी, लक्ष्मी कंवर, कोमल कंवर, रिंकू मेघवाल, छात्रनेता दीपक जाखड़, कुणाल चौधरी, सुखदेव गोदारा सहित अन्य छात्र-छात्राएं मुख्य गेट पर चढ़कर उसे खोलने के लिए जोर आजमाइश लगाने लगे। जबरन गेट खोलने पर पुलिस ने छात्र छात्राओं पर डंडे फटकारे, जिससे कई छात्र-छात्राएं चोटिल भी हुए। इससे पहले छात्राओं ने रेजीडेंसी रोड पर बैठकर रास्ता रोका। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।

Published on:
18 Jul 2023 12:34 pm